कॉकरोच, गंदगी और एक्सपायर्ड सामान; Blinkit के गोदाम पर FDA का बड़ा एक्शन, लाइसेंस सस्पेंड

कॉकरोच, गंदगी और एक्सपायर्ड सामान; Blinkit के गोदाम पर FDA का बड़ा एक्शन, लाइसेंस सस्पेंड

मुंबई : महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने त्वरित डिलीवरी प्लेटफॉर्म Blinkit के मुंबई के मलाड स्थित एक गोदाम (डार्क स्टोर) का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई निरीक्षण के दौरान गंभीर स्वच्छता संबंधी खामियां, कॉकरोचों का प्रकोप और एक्सपायर्ड खाद्य उत्पाद मिलने के बाद की गई।

FDA अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान फल और सब्जियों के भंडारण क्षेत्र में बड़ी संख्या में कॉकरोच पाए गए। इसके अलावा कई खाद्य उत्पाद सीधे फर्श पर और जंग लगे रैक पर रखे हुए मिले। निरीक्षण में एक्सपायर्ड, क्षतिग्रस्त और संदिग्ध पैकेजिंग वाले उत्पाद भी पाए गए, जिससे खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए।

जांच में यह भी सामने आया कि गोदाम में कीट नियंत्रण और साफ-सफाई की व्यवस्था पर्याप्त नहीं थी। कोल्ड स्टोरेज क्षेत्र का रखरखाव भी मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। खाद्य पदार्थों की सुरक्षित हैंडलिंग और कर्मचारियों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक प्रक्रियाओं में भी कई कमियां दर्ज की गईं।

इन अनियमितताओं को गंभीर मानते हुए FDA ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत गोदाम का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जब तक सभी कमियों को दूर कर निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जाता, तब तक संचालन पर रोक जारी रहेगी।

यह कार्रवाई महाराष्ट्र FDA द्वारा चलाए जा रहे व्यापक खाद्य सुरक्षा अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत होटल, रेस्तरां, गोदाम और खाद्य प्रतिष्ठानों की लगातार जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply