किसानों की समस्याओं को लेकर 2 जुलाई को जिला मुख्यालय पर किया जाएगा प्रदर्शन
- नदी प्रदूषण, गन्ना भुगतान, खाद संकट व किसानों की अन्य समस्याओं को लेकर उठाई आवाज
सहारनपुर। किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह ने कहा कि आगामी 2 जुलाई को किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। एक होटल के सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए किमसं के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठा. पूरण सिंह ने कहा कि दो जुलाई को होने वाले धरना-प्रदर्शन के माध्यम से किसानों एवं आम जनता से जुड़ी अनेक गंभीर समस्याओं की ओर जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार का ध्यान आकर्षित कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हिंडन, काली नदी, पांवधोई और ढमोला जैसी जीवनदायिनी नदियां आज पूरी तरह प्रदूषित और विषैली हो चुकी हैं। इन नदियों का पानी किसी भी उपयोग के योग्य नहीं बचा है, इसलिए इनके पुनर्जीवन और स्वच्छता के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने बताया कि बजाज शुगर मिल गांगनौली, दया शुगर मिल गागलहेड़ी सहित अन्य चीनी मिलों पर किसानों का गन्ना भुगतान बकाया है, लेकिन संबंधित अधिकारियों द्वारा इस विषय में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसके अलावा सरकारी अस्पतालों की बदहाल व्यवस्था, दवाइयों की कमी तथा चिकित्सकों के रिक्त पदों को भी गंभीर समस्या बताया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो रही है। यूरिया के लिए किसानों को भटकना पड़ रहा है, जिससे खेती प्रभावित हो रही है। उन्होंने हाल ही में आई आंधी से आम उत्पादक किसानों को हुए भारी नुकसान का उल्लेख करते हुए सरकार से उचित मुआवजा देने की मांग की।
उन्होंने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई स्थानों पर ग्रामीणों के आवागमन के लिए सर्विस रोड अथवा वैकल्पिक रास्तों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने एनएचएआई एवं जिला प्रशासन से इस समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की। वार्ता के दौरान संगठन के जिलाध्यक्ष अजब सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी अंकित चैहान, तहसील अध्यक्ष सोविंदर राणा, महानगर अध्यक्ष सचिन राणा, ऋतिक, अमन, लाखन, सूरज, अभिषेक सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
