निगम ने शुरु किया पार्को से अतिक्रमण हटाओ अभियान, शहर के फेफडे़ हैं पार्क: नगरायुक्त
सहारनपुर। नगरायुक्त के निर्देश पर शहरवासियों को खुले एवं स्वस्थ सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा आज से सार्वजनिक पार्कों से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरु किया गया। अभियान के तहत आज शहर के विभिन्न वार्डो में 07 पार्को को लोगों के कब्जों से मुक्त कराया गया। इन पार्को के गेट पर कुछ लोगों द्वारा निजी ताले डाल दिए गए थे। जिससे लोग सुबह-शाम पार्को में भ्रमण नहीं कर पा रहे थे। नगरायुक्त शिपू गिरि ने बताया कि यह अभियान शहर के सभी वार्डों में स्थित पार्कों में चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिन मामलों में कुछ व्यक्तियों द्वारा पार्क की भूमि पर निजी उपयोग हेतु कब्जा कर लिए जाने की शिकायतें प्राप्त हुई हैं, उन पर कठोर एवं त्वरित कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा चलाये जाने वाले अभियान के तहत पार्कों की भूमि पर किये गए समस्त प्रकार के अवैध निर्माण, निजी कब्जे, अस्थाई दुकानें, ठेले एवं अन्य अतिक्रमणों को चिन्हित कर तत्काल हटाया जाएगा। अतिक्रमण हटाने के बाद पार्कों में वृक्षारोपण, हरियाली एवं नागरिक सुविधाओं का विकास कर उन्हें आमजन के उपयोग हेतु पुनः उपलब्ध कराया जाएगा। नगरायुक्त ने कहा कि ‘पार्क शहर के फेफड़े हैं। इन्हें अतिक्रमण मुक्त कर बच्चों, बुजुर्गों एवं आम नागरिकों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित मनोरंजन स्थल बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है।’ अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शहर के समस्त जोनल अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्र के पार्कों का भौतिक सत्यापन कर अतिक्रमण हटवाना सुनिश्चित करें तथा अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही करें।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे पार्कों की भूमि पर किए गए किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को स्वेच्छा से हटा लें, ताकि कानूनी कार्रवाई से बच सके। उन्होंने नगर निगम के प्रवर्तन दल, सम्बन्धित जोनल अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुलिस विभाग के साथ समन्वय बनाकर इस अभियान को तेजी से चलाएं। अभियान का उद्देश्य सहारनपुर के सभी सार्वजनिक पार्कों को अतिक्रमण मुक्त कर उन्हें हरा-भरा रखते हुए नागरिकों के लिए सुलभ बनाना है।
उद्यान प्रभारी डॉ. संदीप मिश्र ने बताया कि वार्ड 55 में संजय गांधी पार्क, महाराणा प्रताप पार्क, चंद्र नगर पार्क, प्रेम वाटिका पार्क, जे सी पार्क, तथा वार्ड 15 में बच्चा पार्क नवीन नगर व वार्ड 22 धोबीघाट स्थित पार्को के गेट पर कुछ लोगों ने अपने निजी ताले डालकर उन पर अवैध कब्जा कर रखा था। आज उक्त सभी पार्को के ताले तोड़कर उन्हें खुलवाया गया। इन पार्को का सौंदर्यीकरण व रखरखाव की दिशा में कार्य शुरु कर दिया गया है।
