कांवड़ यात्रा में चिकित्सा व्यवस्था को लेकर आईएमए के साथ समन्वय बैठक
सहारनपुर। श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 के मद्देनजर बुधवार को आईएमए भवन में अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय की अध्यक्षता में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं चिकित्सकों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को त्वरित एवं बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई। आईएमए ने शिवभक्तों की सेवा के लिए चिकित्सकों की विशेष टीम गठित करने, जरूरत पड़ने पर चिन्हित अस्पतालों में बेड आरक्षित रखने तथा आपातकालीन सहायता के लिए संपर्क व्यवस्था सुनिश्चित करने की जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने आईएमए के सहयोग की सराहना करते हुए कांवड़ यात्रा के दौरान बेहतर समन्वय बनाए रखने और श्रद्धालुओं को हरसंभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
