पप्पू यादव पर चप्पल फेंकने वाले युवक की शिकायत, सांसद समेत सहयोगियों पर गंभीर आरोप

पप्पू यादव पर चप्पल फेंकने वाले युवक की शिकायत, सांसद समेत सहयोगियों पर गंभीर आरोप

नई दिल्ली : पूर्णिया से सांसद Rajesh Ranjan (पप्पू यादव) पर चप्पल फेंकने के मामले में नया मोड़ आ गया है। घटना में शामिल बताए जा रहे युवक सुमित कुमार ने दिल्ली के तिलक मार्ग थाने में सांसद और उनके सहयोगियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

शिकायतकर्ता सुमित कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि यदि भविष्य में उसे या उसके मित्र हैप्पी को किसी प्रकार का नुकसान पहुंचता है, तो इसके लिए पप्पू यादव, मुनाजिर आलम और उनके सहयोगियों को जिम्मेदार माना जाए। यह शिकायत 5 अगस्त 2026 को तिलक मार्ग थाने में दी गई।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हुआ विवाद

शिकायत के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को सुमित अपने मित्र हैप्पी के साथ केजी मार्ग स्थित पप्पू यादव के आवास पहुंचे थे। उनका दावा है कि उन्हें वहां संतों की सभा होने की जानकारी मिली थी, लेकिन मौके पर सांसद की प्रेस कॉन्फ्रेंस चल रही थी।

सुमित ने आरोप लगाया कि प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने 31 जुलाई की एक घटना को लेकर पप्पू यादव से सवाल पूछा। शिकायत में कहा गया है कि विरोध दर्ज कराने के दौरान उन्होंने अपनी चप्पल उनकी ओर फेंक दी, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों ने उन्हें घेर लिया।

सोने की चेन और घड़ी छीनने का आरोप

शिकायतकर्ता का आरोप है कि घटना के बाद सांसद के सहयोगियों ने उसके साथ मारपीट की। उसने दावा किया कि उसके गले से करीब 20-22 ग्राम की सोने की चेन और टाइटन कंपनी की कलाई घड़ी छीन ली गई। साथ ही उसे पास के एक पार्क में ले जाकर गला दबाने की कोशिश की गई, जिससे उसे गर्दन और आंखों में चोटें आईं।

सुमित ने यह भी आरोप लगाया कि उसे बचाने पहुंचे उसके मित्र हैप्पी के साथ भी मारपीट की गई। शिकायत के मुताबिक, बाद में बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए और दोनों युवकों के साथ हाथापाई की गई, जिससे उन्हें शारीरिक चोटों के साथ मानसिक परेशानी भी झेलनी पड़ी।

धमकी देने का भी आरोप

शिकायत में मुनाजिर आलम पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। सुमित ने पुलिस से भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज करने, कथित रूप से छीनी गई चेन और घड़ी की बरामदगी, सीसीटीवी फुटेज की जांच, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने और कथित हथियारों की जांच कराने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस शिकायत की जांच कर रही है। मामले में अभी तक पुलिस की ओर से किसी कार्रवाई या एफआईआर दर्ज होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

Leave a Reply