नोएडा से लखनऊ तक छाए बादल, 28 जिलों में आज बारिश और गरज-चमक का अलर्ट

नोएडा से लखनऊ तक छाए बादल, 28 जिलों में आज बारिश और गरज-चमक का अलर्ट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी जरूर पड़ी है, लेकिन मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी हुई है, जिससे कहीं धूप तो कहीं हल्की बूंदाबांदी का दौर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 27 जुलाई से मानसून एक बार फिर सक्रिय होगा, जिसके बाद राज्य के अधिकांश इलाकों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

आज कैसा रहेगा मौसम?

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 25 जुलाई को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि, आज कहीं भी अत्यधिक बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। दिन के समय धूप निकलने से उमस लोगों को परेशान कर सकती है। 26 जुलाई को भी मौसम लगभग इसी तरह बना रहने का अनुमान है।

27 जुलाई से फिर सक्रिय होगा मानसून

मौसम विभाग के मुताबिक, 27 जुलाई से प्रदेश में मानसून दोबारा सक्रिय होगा। इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और पूर्वांचल के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। वहीं 28 से 30 जुलाई के बीच पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

लखनऊ-नोएडा में बादलों का डेरा

राजधानी लखनऊ में सुबह से ही घने बादल छाए हुए हैं। दिनभर रुक-रुककर हल्की बारिश या फुहारें पड़ने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

वहीं नोएडा और गाजियाबाद में भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। दोपहर बाद कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

इन 28 जिलों में बारिश के आसार

आज मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, अलीगढ़, बागपत, हापुड़, अमरोहा, संभल, बदायूं, कासगंज, फर्रुखाबाद, हरदोई, कन्नौज, उन्नाव, कानपुर, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, फतेहपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है।

इसके अलावा प्रतापगढ़, कौशांबी, प्रयागराज, संत रविदास नगर (भदोही), जौनपुर, मिर्जापुर, वाराणसी, गाजीपुर, चंदौली और सोनभद्र में मेघगर्जन, बिजली चमकने और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

नदियों का बढ़ा जलस्तर, प्रशासन सतर्क

हाल के दिनों में हुई बारिश के चलते प्रदेश की प्रमुख नदियों गंगा, यमुना और सरयू का जलस्तर बढ़ गया है। बाराबंकी में सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंचने से तटवर्ती क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों से नदी और नालों के किनारे जाने से बचने तथा सतर्क रहने की अपील की है।