हरियाणा रोडवेज बस की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत

हरियाणा रोडवेज बस की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत
सहारनपुर में दिल्ली-यमुनोत्री हाइवे पर जाम लगाते मृतक के परिजन एवं ग्रामीण।

गुस्साए परिजनों एवं ग्रामीणों ने दिल्ली-यमुनोत्री हाइवे पर लगाया जाम

सहारनपुर। थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्रांतर्गत सोमवार को दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर हरियाणा रोडवेज की बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने युवक का शव हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। जानकारी के अनुसार सिंहखेड़ा निवासी 25 वर्षीय किशन कश्यप पुत्र हुकम सिंह ड्यूटी से घर लौट रहे थे। रेलवे ओवरब्रिज के पास दिल्ली से सहारनपुर की ओर आ रही हरियाणा रोडवेज की बस ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि किशन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने शव को हाईवे पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच शव को लेकर धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी, लेकिन ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। इससे दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। बाद में उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पवन कुमार, थाना प्रभारी सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें शांत कराया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

उपजिलाधिकारी (एसडीएम) रामपुर मनिहारान ने बताया कि घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए मार्ग अवरुद्ध कर दिया था। प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों से वार्ता की और उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद जाम खोला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।