बिहारीगढ़ पुलिस की बड़ी कामयाबी, तीन शातिर गौकश पकड़े, अन्य फरार
सहारनपुर। थाना बिहारीगढ़ पुलिस ने गौकशी की घटना को अंजाम देने जा रहे तीन शातिर गौकशों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक जिंदा गौवंश व गौकशी के उपकरण बरामद कर लिए।
मिली जानकारी के अनुसार जनपद पुलिस द्वारा एसएसपी अभिनंदन के निर्देश पर अपराध नियंत्रण एवं गौकशी की घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना बिहारीगढ़ पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र सिंह व अशोक कुमार, उपनिरीक्षक विजय सिंथाना के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर गौकंशी की घटना को अंजाम देने जा रहे तीन शातिर गौकशों नौशाद पुत्र रिजवान निवासी नियामतपुर थाना बेहट, हारून पुत्र जाहिद निवासी ग्राम चक अवाबाकरपुर नौगांवा थाना मिर्जापुर व फुरकान पुत्र सुक्कड़ निवासी ग्राम लामग्रंट थाना भगवानपुर जिला हरिद्वार उत्तराखंड को ग्राम झीबरहेड़ी एवं ग्राम हमीरपुर के बीच पोपुलर के खेत में लगे ट्यूबवैल के पास से गिरफ्तार कर लिया। जबकि एक आरोपी अंधेरे व घने जंगल का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा जिसकी तलाश में पुलिस ने काफी देर तक काम्बिंग भी की परंतु उसका कहीं पता नहीं लग सका। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक जिंदा गौवंश, दो छूरे, 1 कुल्हाड़ी, 1 लकड़ी का गुटका बरामद कर लिया। दबोचे गए आरोपियों ने पुलिस को पूछताछ के दौरान बताया कि हम सभी मिलकर रात्रि के समय आवारा पशुओं को पकड़कर सुनसान जगह ले जाकर उनका वध कर देते हैं तथा बरामद मांस को बेचकर आपस में बांट लेते हैं। आज भी हम आवारा पशु को पकड़कर वध करने के लिए जा रहे थे तभी पुलिस ने हमें दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों का गौवध अधिनियम की धारा-3/5/8 के तहत चालान काटकर जेल भेज दिया।
