कामधेनु नगर की सड़कों का प्रस्ताव 15वें वित्त की बैठक में रखें: नगरायुक्त
सहारनपुर। नगर निगम स्थित शाकुंभरी सभागार में आज शाम हुयी उद्योग बन्धु की बैठक में सड़क निर्माण, जल निकासी व पेयजल आदि विषयों पर चर्चा हुयी। आईआईए ने कामधेनु उद्योग नगर में मुख्य मार्ग से तीन सड़कों का उल्लेख करते हुए कहा कि तीनों सड़कों के निर्माण की स्वीकृति हो चुकी है लेकिन अभी तक टेण्डर व सड़कों का निर्माण नहीं हो पाया है। इस पर नगरायुक्त शिपू गिरि ने निर्माण विभाग को उक्त सड़कों के सम्बंध में महापौर महोदय से स्वीकृति लेकर 15वें वित्त की बैठक में प्रस्ताव रखने के निर्देश दिए।
आईआईए ने एएस कॉम्पलेक्स देहरादून रोड क्षेत्र में पेयजल की आपूर्ति की लाइन बिछाने का अनुरोध किया जिस पर महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि उक्त क्षेत्र मे सर्वे कराया गया है। सड़क दूधली रोड के पास देहरादून रोड व मौर्य वर्कशॉप से रॉयल इन्डस्ट्रीज तक पाइप लाइन नही है। उन्होंने बताया कि उक्त स्थल तक पेयजल के लिए 1100 मीटर पाइप लाइन बिछाने का कार्य होना है जिसके लिए विभाग द्वारा टेण्डर किया जा रहा है। आईआईए ने अम्बाला रोड स्थित दबनीवाला कब्रिस्तान के निकट मस्जिद के आस पास सुरक्षा की दृष्टि से तारबाड़ व बोर्ड लगाने का अनुरोध किया। इस पर अधिकारियों ने बताया कि वहां बोर्ड लगा दिए गए है तथा तारबाड़ के लिए आगणन तैयार कर लिया गया है, स्वीकृति उपरांत कार्य शुरु कराया जायेगा।
नगरायुक्त ने दबनीवाला कब्रिस्तान के निकट तालाब तथा विकसित किये गए अन्य महत्वपूर्ण तालाबों के व्यवसायिक उपयोग हेतु कार्ययोजना बनाने का सुझाव भी अधिकारियों को दिया। इसके अलावा ग्रीन लैण्ड कॉम्पलेक्स में पानी निकासी व पथ प्रकाश की व्यवस्था सहित अनेक स्थानों पर पानी निकासी और खडंजा निर्माण आदि के विषय उठाये गए। जिनके सम्बंध में निगम अधिकारियों द्वारा की जा रही कार्रवाई से अवगत कराया गया। उद्यमी प्रमोद सडाना व रविंद्र मिगलानी ने शहर में ग्रीन कॉरीडोर बनाने का सुझाव दिया। जबकि नगरायुक्त शिपू गिरि ने उद्यमियों को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील करते हुए पीपल, बरगद, पाकड़, अमलतास आदि ऐसे पौधे लगाने का सुझाव दिया जो गरमी-सर्दी आदि विपरीत परिस्थितियों में भी हरे-भरे रहे।
नगरायुक्त ने टैक्स के सम्बंध में उद्यमियों की सुविधा हेतु कामधेनु उद्योग नगर क्षेत्र सहित दो स्थानों पर कैंप लगाने का सुझाव दिया ताकि उद्यमी अपनी उपस्थिति में अधिकारियों से विचार विमर्श कर स्थल पर ही समस्याओं का समाधान कर सके। बैठक में अपर नगरायुक्त प्रदीप यादव व मृत्युंजय, अपर नगरायुक्त जे पी यादव, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार व मुख्य अभियंता निर्माण सुरेंद्र प्रसाद मिश्र, नगर स्वास्थय अधिकारी डॉ.प्रवीन शाह सहित निगम के अनेक अधिकारी तथा आशीष मित्तल, संदीप कपूर, सुरेंद्र मोहन, प्रमोद सडाना, निशांत गुप्ता व रविन्द्र मिगलानी आदि अनेक उद्यमी शामिल रहे।
