‘सत्ता के नशे में हैं भगवंत मान’, वीडियो विवाद को लेकर BJP-कांग्रेस का हमला, CM के इस्तीफे की मांग तेज
चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस ने इस्तीफे की मांग की है। यह विवाद सिख गुरुओं की तस्वीरों के कथित अपमान से जुड़े वायरल वीडियो और उसकी फॉरेंसिक रिपोर्ट में कथित हेरफेर के आरोपों के बाद बढ़ गया है। इस मामले में गुरुग्राम पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
BJP के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जब श्री अकाल तख्त साहिब ने उन्हें इस मामले में तलब किया था, तब उन्होंने वीडियो को फर्जी और AI से तैयार बताया था। चुघ ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सत्ता के अहंकार में हैं और उन्होंने अकाल तख्त की मर्यादा को चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में भगवंत मान के पास मुख्यमंत्री पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है।
कांग्रेस ने भी मांगा इस्तीफा और सार्वजनिक माफी
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने भी मुख्यमंत्री के इस्तीफे और सार्वजनिक माफी की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और उनके अधिकारियों की भूमिका से जुड़ी घटनाएं अकाल तख्त के फैसले को सही साबित करती हैं। वडिंग ने कहा कि भगवंत मान को अपनी गलती के लिए पंजाब की जनता और सिख समुदाय से माफी मांगनी चाहिए।
फॉरेंसिक रिपोर्ट में कथित हेरफेर का मामला
गुरुग्राम पुलिस के अनुसार, मुख्यमंत्री भगवंत मान से जुड़े वायरल वीडियो मामले में फॉरेंसिक रिपोर्ट में कथित छेड़छाड़ के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गुरुग्राम के एसीपी क्राइम नवीन शर्मा के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों को कथित तौर पर वीडियो रिपोर्ट में हेरफेर करने के लिए पंजाब के कुछ अधिकारियों से 10 लाख रुपये दिए गए थे।
हालांकि, इस मामले में लगाए गए आरोपों को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान या पंजाब सरकार की ओर से विस्तृत प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।
