खड़गे परिवार के ट्रस्ट को 100 करोड़ की जमीन आवंटन पर विवाद, BJP ने लगाए गंभीर आरोप, कर्नाटक की सियासत गरमाई
नई दिल्ली। कर्नाटक में जमीन आवंटन को लेकर नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और उनके परिवार से जुड़े ट्रस्ट पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्हें कथित तौर पर प्रभाव का इस्तेमाल कर करोड़ों रुपये मूल्य की जमीन आवंटित कराई गई है।
BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि वर्ष 2024 में कर्नाटक इंडस्ट्रियल एरिया डेवलपमेंट बोर्ड (KIADB) ने खड़गे परिवार से जुड़े सिद्धार्थ विहार ट्रस्ट को एयरोस्पेस और रक्षा क्षेत्र में रिसर्च एवं डेवलपमेंट के लिए करीब पांच एकड़ औद्योगिक भूमि आवंटित की थी।
100 करोड़ की जमीन आवंटन पर BJP के सवाल
प्रदीप भंडारी ने दावा किया कि इस जमीन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 100 करोड़ रुपये है। उनका आरोप है कि जिस ट्रस्ट को यह जमीन दी गई, उसके पास एयरोस्पेस और रक्षा अनुसंधान के क्षेत्र में पहले से कोई अनुभव नहीं था। ऐसे में यह सवाल उठता है कि आखिर किस आधार पर इतने मूल्यवान औद्योगिक भूखंड का आवंटन किया गया।
उन्होंने कहा कि सिद्धार्थ विहार ट्रस्ट में मल्लिकार्जुन खड़गे, उनके बेटे प्रियांक खड़गे, उनकी पत्नी और अन्य पारिवारिक सदस्य जुड़े हुए हैं। बीजेपी ने आरोप लगाया कि राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर जमीन हासिल की गई और पूरे मामले की पारदर्शी जांच होनी चाहिए।
BJP ने खड़गे परिवार से मांगा जवाब
भंडारी ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि यह ट्रस्ट एयरोस्पेस और रक्षा अनुसंधान के लिए बनाया गया था तो अब तक इस क्षेत्र में क्या काम किया गया है। उन्होंने पूछा कि कांग्रेस सरकार ने एक निजी ट्रस्ट को इतनी महत्वपूर्ण औद्योगिक जमीन किस आधार पर आवंटित की।
हालांकि, इन आरोपों पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियांक खड़गे या कांग्रेस की ओर से इस खबर लिखे जाने तक कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
