मोहर्रम जुलूसों में अमन और मर्यादा बनाए रखने की अपील, ताजियों की ऊंचाई सीमित रखने व डीजे से परहेज की सलाह”

मोहर्रम जुलूसों में अमन और मर्यादा बनाए रखने की अपील, ताजियों की ऊंचाई सीमित रखने व डीजे से परहेज की सलाह”

देवबंद। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी की मोहर्रम के जुलूसों को लेकर जारी अपील का देवबंदी उलमा ने समर्थन किया है। इत्तेहाद उलमा-ए-हिंद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुफ्ती असद कासमी ने कहा कि मोहर्रम के जुलूस अमन, शांति और धार्मिक मर्यादा के साथ निकाले जाने चाहिए।

बुधवार को मौलाना मुफ्ती असद कासमी ने कहा कि ताजियों और अलमों की ऊंचाई दस फीट तक सीमित रखने तथा जुलूसों में डीजे के इस्तेमाल से परहेज करना चाहिए। क्योंकि मजहब-ए-इस्लाम में नाच-गाना और संगीत को जायज नहीं माना गया है, इसलिए मोहर्रम जैसे धार्मिक अवसर पर डीजे का प्रयोग करने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों की पवित्रता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। मुफ्ती असद ने कहा कि ताजियों की ऊंचाई दस फीट या उससे कम रखने में ही समझदारी है। कई स्थानों पर गलियों और मोहल्लों में बिजली के तार नीचे होते हैं। ऐसे में ऊंचे ताजिए तारों से टकराने पर हादसे की आशंका बनी रहती है, जिससे जान-माल का नुकसान हो सकता है। इसलिए सुरक्षा की दृष्टि से ताजियों की ऊंचाई निर्धारित सीमा में रखी जानी चाहिए। उन्होंने प्रदेश सरकार एवं प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने का भी आह्वान किया है।

Leave a Reply