गांदरबल में अमरनाथ यात्रियों की बस हादसे का शिकार, 39 श्रद्धालु सवार, 30 घायल; पुलिस-सेना ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

गांदरबल में अमरनाथ यात्रियों की बस हादसे का शिकार, 39 श्रद्धालु सवार, 30 घायल; पुलिस-सेना ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में मंगलवार सुबह अमरनाथ यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गुंड क्षेत्र में हुए इस हादसे में 39 तीर्थयात्री सवार थे, जिनमें से करीब 30 लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद पुलिस, ITBP, CRPF, भारतीय सेना और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रद्धालुओं से भरी बस बाबा बर्फानी के दर्शन कर लौट रही थी। इसी दौरान गांदरबल के गुंड इलाके में पहाड़ी मार्ग पर बस चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया, जिससे बस पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं और तेजी से राहत कार्य शुरू किया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना में अधिकांश श्रद्धालुओं को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। अधिकारियों के अनुसार सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

इस हादसे का जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी संज्ञान लिया। उन्होंने गांदरबल के उपायुक्त और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उपराज्यपाल ने कहा कि गनीवान क्षेत्र में हुए इस दुर्भाग्यपूर्ण सड़क हादसे में घायल हुए सभी अमरनाथ यात्रियों का SKIMS अस्पताल में इलाज चल रहा है।

उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा और हर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही उन्होंने भगवान शिव से सभी श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की।