दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, पहाड़ों पर भूस्खलन का खतरा; जानें आपके शहर का मौसम

दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, पहाड़ों पर भूस्खलन का खतरा; जानें आपके शहर का मौसम

नई दिल्ली। देशभर में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है, जबकि पूर्वोत्तर और पश्चिमी भारत के कई हिस्सों में बाढ़ ने हालात गंभीर बना दिए हैं। असम और गुजरात समेत कई राज्यों में बाढ़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त है तथा राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी हैं।

इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव के प्रभाव को देखते हुए दिल्ली-एनसीआर सहित देश के कई राज्यों के लिए भारी बारिश का नया अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 28 जुलाई से 2 अगस्त के बीच उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, गुजरात, महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में अलग-अलग दिनों में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। इस दौरान कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी दिल्ली में दिनभर बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में 28 से 31 जुलाई के बीच भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है। गाजियाबाद में भी इसी अवधि के दौरान तेज बारिश के साथ 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं तथा आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। वहीं गुरुग्राम में जलभराव की संभावना को देखते हुए लोगों को आवश्यक होने पर ही यात्रा करने और अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी गई है।

इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश: मेरठ, प्रयागराज, आगरा, झांसी, बरेली, मिर्जापुर सहित कई जिलों में 28 जुलाई से 2 अगस्त तक भारी से बहुत भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।

बिहार: पटना, गया, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया और भागलपुर समेत अधिकांश जिलों में व्यापक वर्षा के साथ कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

राजस्थान: जयपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर और जोधपुर सहित पूर्वी एवं पश्चिमी राजस्थान में मूसलाधार बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तराखंड: देहरादून, नैनीताल, चमोली और पिथौरागढ़ समेत कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी है। मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों में फ्लैश फ्लड और भूस्खलन की आशंका भी जताई है।

हिमाचल प्रदेश: शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और चंबा में अगले कुछ दिनों तक बहुत भारी बारिश की संभावना है, जिससे भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा बना हुआ है।

झारखंड: रांची, जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो में रुक-रुककर बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

जम्मू-कश्मीर: श्रीनगर, जम्मू, पुंछ, राजौरी और उधमपुर सहित कई क्षेत्रों में 29 जुलाई से 2 अगस्त के बीच भारी बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।