दिल्ली-NCR में भीषण गर्मी के बाद आज से बदलेगा मौसम, बारिश और तेज हवाओं से मिलेगी राहत
नई दिल्ली। बुधवार को भी दिल्ली समेत एनसीआर में उमस भरी भीषण गर्मी की चुभन जारी रही। अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। हीट इंडेक्स 48 डिग्री से भी ऊपर चला गया। हालांकि मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार से मानसून पूर्व की गतिविधियों बढ़ने का पूर्वानुमान दिया है, जिसमें तेज हवाओं के साथ वर्षा हो सकती है और भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है।
बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हीट इंडेक्स 48.4 डिग्री दर्ज किया गया। पालम और रिज सबसे गर्म स्थान रहे, जहां तापमान क्रमशः 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 3.4 डिग्री और 3.3 डिग्री अधिक है।
मंगलवार रात हुई वर्षा से बुधवार को राजधानी में दिन की शुरुआत अपेक्षाकृत ठंडी रही। न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.3 डिग्री कम 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले की तुलना में यह 9.0 डिग्री कम था। हवा में नमी का स्तर 84 से 29 प्रतिशत दर्ज किया गया।
70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
बृहस्पतिवार के लिए मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है कि बादल छाए रहेंगे। गर्जन वाले बादल बनने, बिजली चमकने और 70 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार तेज हवाएं चलने के साथ हल्की होने की भी संभावना है। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 41 व 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। शुक्रवार को भी कमोबेश ऐसा ही मौसम बना रहेगा। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार के लिए आरेंज जबकि शुक्रवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान और जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने कहा कि मध्य पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण इस क्षेत्र में तेज हवाएं और छिटपुट वर्षा हो रही है। उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार से मानसून से पहले की गतिविधियों के तेज होने की संभावना है, जिससे दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में भी व्यापक वर्षा होगी। उन्होंने आगे कहा कि आने वाले कुछ दिनों में वर्षा की तीव्रता में काफी वृद्धि होने की संभावना है और तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिरने की उम्मीद है।
| क्षेत्र | अधिकतम तापमान (°से.) | न्यूनतम तापमान (°से.) |
|---|---|---|
| सफदरजंग | 42.4 | 22.9 |
| पालम | 43.0 | 28.0 |
| लोधी रोड | 42.4 | 22.8 |
| रिज क्षेत्र | 43.6 | 27.4 |
| आयानगर | 43.0 | 28.4 |
| पूसा | 41.0 | 25.4 |
| नजफगढ़ | 40.8 | 28.4 |
| मयूर विहार | 40.6 | 28.4 |
