‘जहन्नुम बना देंगे’,अमेरिका के एक्शन से गुस्साया ईरान, कुवैत और बहरीन में US ठिकानों को किया धुआं-धुआं, होर्मुज बंद

‘जहन्नुम बना देंगे’,अमेरिका के एक्शन से गुस्साया ईरान, कुवैत और बहरीन में US ठिकानों को किया धुआं-धुआं, होर्मुज बंद

पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है. अमेरिकी हवाई हमलों के जवाब में ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि उसने कुवैत और बहरीन में अमेरिकी सेना से जुड़े कई महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाया है. साथ ही ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पूरी तरह बंद करने का ऐलान करते हुए सभी जहाजों को इस क्षेत्र से दूर रहने की चेतावनी दी है.

कुवैत और बहरीन के 18 ठिकानों पर हमले का दावा

आईआरजीसी ने बयान जारी कर कहा कि उसकी जवाबी सैन्य कार्रवाई के तहत कुवैत स्थित अली अल-सलेम और अहमद अल-जाबेर एयर बेस तथा बहरीन के शेख ईसा एयर बेस समेत कुल 18 महत्वपूर्ण अमेरिकी सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया है. ईरानी सेना के अनुसार यह कार्रवाई अमेरिका द्वारा ईरान के अंदर किए गए हमलों के जवाब में की गई है.

लगातार दूसरे दिन अमेरिका के हवाई हमले

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने लगातार दूसरे दिन ईरान के भीतर कई स्थानों पर हवाई हमले किए. अमेरिका ने इन हमलों को “आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई” बताया है. ईरानी मीडिया के मुताबिक हमलों के दौरान देश के दक्षिणी हिस्सों और पश्चिमी तेहरान में विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं. कई इलाकों में एयर डिफेंस सिस्टम भी सक्रिय कर दिए गए.

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद, जहाजों को चेतावनी

अमेरिकी हमलों के बाद ईरान के शीर्ष सैन्य नेतृत्व ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पूरी तरह बंद करने की घोषणा कर दी. यह दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री तेल मार्गों में से एक माना जाता है, जहां से वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है. ईरान ने सभी जहाजों को इस क्षेत्र से दूर रहने की चेतावनी दी है.

जलडमरूमध्य से गुजरने की कोशिश कर रहे जहाजों पर कार्रवाई का दावा

आईआरजीसी ने दावा किया कि उसके बलों ने बंद किए गए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने की कोशिश कर रहे दो जहाजों को निशाना बनाया. आईआरजीसी के अनुसार उसकी एयरोस्पेस और नौसेना इकाइयों ने दो चरणों में जवाबी कार्रवाई करते हुए अमेरिकी सैनिकों की मौजूदगी वाले सैन्य ठिकानों पर हमले किए.

“इलाके को जहन्नुम बना देंगे” 

आईआरजीसी की एयरोस्पेस फोर्स के प्रमुख मेजर जनरल माजिद मौसवी ने अमेरिकी हमलों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. ईरानी समाचार एजेंसी तस्नीम की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने कहा कि यदि अमेरिका स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को असुरक्षित बनाने की कोशिश करेगा तो ईरान पूरे क्षेत्र को उसके लिए जहन्नुम बना देगा. मौसवी ने कहा, “क्या आप पवित्र स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को असुरक्षित बना रहे हैं? हम पूरे ईरान से इस क्षेत्र को आपके लिए जहन्नुम बना देंगे.” उन्होंने आगे कहा, “क्षेत्र में अमेरिकियों की इस दुस्साहसिक कार्रवाई का जवाब जरूर दिया जाएगा.”

Leave a Reply