नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, शराब तस्कर भी दबोचा
देवबंद। पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक शराब तस्कर अवैध शराब और बाइक के साथ पकड़ा है।
पुलिस के अनुसार आठ जुलाई को दर्ज प्राथमिकी में रणसुरा निवासी समीर पर एक नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने, दुष्कर्म करने और परिजनों को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया था। जांच अधिकारी आनंद कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने आरोपी समीर को नहर के पुल के पास से गिरफ्तार किया है। जिसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। वहीं, दूसरे मामले में पुलिस ने चेकिंग के दौरान मकनपुर गांव निवासी राजकुमार उर्फ पप्पन को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 27 पव्वे अवैध देशी शराब और एक बाइक बरामद हुई। जांच अधिकारी नितिन कुमार ने बताया कि बाइक के दस्तावेज न होने के चलते उसे सीज कर दिया गया। जबकि आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया।
