सहारनपुर में गिराई गई मस्जिद के नीचे मिला कुआं, इतिहास को लेकर उठे सवाल

सहारनपुर में गिराई गई मस्जिद के नीचे मिला कुआं, इतिहास को लेकर उठे सवाल

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर में बनी अवैध मस्जिद को ध्वस्त किए जाने के बाद अब एक और मामला चर्चा में आ गया है. मस्जिद का मलबा हटाने के दौरान उसके नीचे एक कुआं दिखाई दिया. प्रशासन के मुताबिक, मस्जिद का निर्माण इसी कुएं के ऊपर किया गया था. कुआं सामने आने के बाद अब इसके इतिहास को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं.

मलबा हटने के बाद जैसे ही जमीन के नीचे कुआं दिखाई दिया, मौके पर इसकी चर्चा शुरू हो गई. बताया जा रहा है कि जिस जगह मस्जिद का निर्माण हुआ था, वहां पहले से कुआं मौजूद था. हालांकि, यह कुआं कब बनाया गया, इसे किसने बनवाया और बाद में इसे बंद करके इसके ऊपर मस्जिद का निर्माण किया गया था या नहीं, इन सवालों का जवाब अभी साफ नहीं है.

मौके पर पहुंचे सहारनपुर सदर एसडीएम सुबोध कुमार ने एबीपी न्यूज से खास बातचीत में कहा कि मस्जिद कुएं के ऊपर बनी थी. हालांकि कुआं किसने और कब बनवाया, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है. एसडीएम ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी. जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर प्रशासन आगे की कार्रवाई करेगा.

कुएं का अब इतिहास जानने की कोशिश

सहारनपुर कलेक्ट्रेट कैंपस में मस्जिद का मलबा हटाए जाने के बाद सामने आए इस कुएं को प्रशासन ने फिलहाल कवर कर दिया है. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर यह कुआं मस्जिद बनने से पहले किसका बनाया हुआ था और इसका इस्तेमाल किस काम के लिए होता था.

लोगों के बीच यह चर्चा भी है कि क्या पहले से मौजूद कुएं को बंद कर उसके ऊपर मस्जिद का निर्माण किया गया था. हालांकि, अभी इस बारे में कोई अंतिम जानकारी सामने नहीं आई है.

प्रशासन की जांच के बाद खुलेगा राज

फिलहाल प्रशासन की ओर से कुएं को सुरक्षित रखने के लिए उसे कवर कर दिया गया है. अब कुएं की जांच और उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर उसके इतिहास का पता लगाने की कोशिश की जाएगी. इसके बाद ही यह साफ हो पाएगा कि कुआं कितना पुराना है और मस्जिद के निर्माण से पहले वहां इसकी क्या स्थिति थी.

Leave a Reply