जहरीली शराब ने फिर ली 9 लोगों की जान, सागर में मौतों से मचा हड़कंप; जांच में जुटी पुलिस
सागर: इस वक्त की बड़ी खबर मध्य प्रदेश के सागर जिले से सामने आ रही है। यहां सागर जिल की बंडा तहसील क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से 9 लोगों की मौत हो गई है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गई। बताया जा रहा है कि ये मामला शनिवार-रविवार के दरमियान का है। जानकारी के मुताबिक मरने वाले बंडा के बराज गांव के लोग बताए जा रहे हैं। 9 लोगों की मौत की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों में भी हड़कंप मच गई। फिलहाल एसपी अनुराग सुजानिया समेत अधीनस्थ अमला मौके पर पहुंच गया है। मामले की जांच की जा रही है।
घटना को लेकर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने कहा कि जहरीली शराब के सेवन से लोग बीमार पड़े हैं। इनमें से कुछ लोगों की मौत भी हुई है। वहीं कुछ अन्य लोगों की सिविल अस्पताल में जांच भी चल रही है। साथ ही जो आस-पास के दो गांव हैं, वहां पर डॉक्टर्स की टीम स्क्रीनिंग कर रही है। कोई भी ऐसा व्यक्ति जिसको लगता है कि उनको किसी प्रकार के लक्षण हैं या उन्होंने किसी भी प्रकार के शराब का सेवन पिछले 24-48 घंटों में किया है तो वो अपने डॉक्टर के पास जांच जरूर करा लें। अगर वहां के बजाय सिविल अस्पताल आना चाहते हैं तो भी अपनी जांच जरूर करा लें। हम ऐसे केस को ऑब्जर्व कर रहे हैं। मामले में अग्रिम कार्रवाई भी की जा रही है।
