‘थाने का CCTV सार्वजनिक…’, महिलाओं से बदसलूकी पर राहुल ने दिल्ली पुलिस को घेरा
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने यौन उत्पीड़न की शिकायतों पर दिल्ली पुलिस की आलोचना करते हुए कहा है कि साकेत थाने का पूरा सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक किया जाए. दोषी पुलिसकर्मियों पर तुरंत कार्रवाई हो. साथ ही शाहीन, नफीसा औऱ जिनके साथ भी दिल्ली पुलिस ने हिंसा और बदतमीजी की है, उनको न्याय मिले. अमित शाह जी आप और आपकी पुलिस महिलाओं से डरती क्यों है?
इस दौरान राहुल गांधी ने पीड़ित महिलाओं से मुलाकात भी की. इसका एक वीडियो अपने सोशल मीडिया एक्स अकाउंट पर शेयर किया है.
एक ही पैटर्न जो सवाल पूछे उसे चुप कराओ: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में कहा है कि दिल्ली में इस वक्त जो हो रहा है. उसका एक ही पैटर्न है. जो औरत सवाल पूछे, उसे चुप कराओ. जंतर मंतर पर सैकड़ों लोग हिरासत में लिए गए. महिला प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुरुष पुलिसकर्मियों ने उनके साथ बदसलूकी की. महिला पत्रकारों के कैमरे छीने गए, उन्हें घसीटा गया. एक पत्रकार की शिकायत पर FIR तक दर्ज नहीं हुई.
थाने महिलाओं के लिए खतरे बन रहे: राहुल गांधी
राहुल ने कहा, ‘कुछ हफ्तों पहले शाहीन और नफीसा ने साकेत थाने के अंदर अपने साथ हुई हिंसा और बदसलूकी की आपबीती सुनाई है. सोचिए, थाने के अंदर – वो जगह जहां महिलाएं शिकायत लेकर जाती हैं. जिन पर महिलाओं की रक्षा की जिम्मेदारी है, वही आज उनके लिए ख़तरा बन रहे हैं. और दिल्ली पुलिस किसके अधीन है, यह पूरा देश जानता है.
राहुल गांधी ने जो वीडियो दिखाए हैं, उसमें कुछ महिलाएं के साथ बेरहमी से पिटाई की गई है. उनके चोट के निशान नजर आ रहे हैं. राहुल के साथ कुछ महिलाएं बैठी हुई हैं. इसमें वह बता रही हैं कि कैसे उनके साथ थाने में बदसलूकी की गई. इसके अलावा थाने के अंदर ले जाकर मारने का आरोप भी लगाया. वीडियो में राहुल गांधी को एक महिला पूछते हुए नजर आ रही है कि पुलिस वालों को थाने के अंदर मारने का अधिकार किसने दिया? राहुल ने इस बातचीत का करीबन 9 मिनट का वीडियो साझा किया है.
पार्लियामेंट थाने के बाहर हुआ था प्रदर्शन
इससे पहले कल पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पर सीजेपी प्रवक्ता सौरभ दास की अगुवाई में विरोध प्रदर्शन किया गया था. इसमें कुछ महिलाओं ने दिल्ली पुलिस पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था. एक डेलीगेशन भी पुलिस से मिला, जिसके बाद पुलिस ने बताया कि शिकायत को क्राइम ब्रांच के हवाले कर दिया गया है.
