चंडीगढ़। पंजाब के राजनेताओं पर 2022 भारी पड़ रहा है। किसी को 34 साल पुराने रोड रेज मामले में जेल जाना पड़ा तो किसी को ड्रग्स तस्करी के मामले में। एक वर्तमान और एक पूर्व मंत्री भ्रष्टाचार के मामले में सलाखों के पीछे है तो तीसरे पूर्व मंत्री की तैयारी है।

बिक्रम सिंह मजीठिया

शिरोमणि अकाली दल के पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ दिसंबर 2021 में कांग्रेस सरकार ने एनडीपीएस एक्ट के तहत पर्चा दर्ज करवाया था। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर उन्होंने 22 फरवरी को मोहाली कोर्ट में सरेंडर किया। 23 फरवरी को वह पटियाला सेंटल जेल भेज दिए गए।

नवजोत सिंह सिद्धू

19 मई को 34 साल पुराने रोड रेज मामले में सुप्रीम कोर्ट ने नवजोत सिंह सिद्धू को 1 साल की कैद की सजा सुनाई। 20 मई को सिद्धू पटियाला के सेंट्रल जेल में भेज दिए गए। सिद्धू कांग्रेस सरकार के दौरान स्थानीय निकाय मंत्री और बाद में कांग्रेस के प्रदेश प्रधान बने थे।

डा. विजय सिंगला

आम आदमी पार्टी की सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे डा. विजय सिंगला के खिलाफ निर्माण कार्य में 1.16 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में 24 मई को उनके खिलाफ पर्चा दर्ज किया गया। उन्हें कैबिनेट से बर्खास्त किया गया। डा. विजय सिंगला इन दिनों जेल में है।

साधू सिंह धर्मसोत

कांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे साधू सिंह धर्मसोत को 7 मई को विजिलेंस ने भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार किया। वह तीन दिन के रिमांड पर है। संगत सिंह गिलजियांकांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे संगत सिंह गिलजियां के खिलाफ भी विजिलेंस ने भ्रष्टाचार के मामले में पर्चा दर्ज किया है। फिलहाल उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है।

दिग्गज नेताओं के लिए 2022 रहा अनलक्की

पंजाब के दिग्गज नेताओं के लिए वर्ष 2022 भारी भी रहा। दरअसल, पंजाब विधानसभा चुनाव में इस बार तमाम दिग्गज नेताओं को हार का मुंह देखना पड़ा। पंजाब के पांच बार सीएम रह चुके प्रकाश सिंह बादल, पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह, चरणजीत सिंह चन्नी, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल सहित अधिकांश दिग्गजों को हार का सामना करना पड़ा।

राज्य में पहली बार प्रचंड बहुमत से आम आदमी पार्टी की सरकार बनी। आप की आंधी के सामने तमाम दिग्गज धाराशाही हो गए। 117 सदस्यीय विधानसभा में आम आदमी पार्टी ने 92 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस 18 पर सिमटकर रह गई। अकाली दल ने  व भाजपा के खाते में भी 2-2 सीटों आई।

भ्रष्टाचार पर आम आदमी पार्टी के दोहरे मापदंड : भाजपा

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महासचिव जीवन गुप्ता ने कहा है कि भ्रष्टाचार को लेकर आम आदमी पार्टी के दोहरे मापदंड है। जब आप सरकार पूर्व मंत्री साधू सिंह धर्मसोत पर कार्रवाई करती है तो उनसे भगंवत मान सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टालरेंस बताते हैं, जब ईडी दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के खिलाफ कार्रवाई करती है तो उसे राजनीतिक बदलाखोरी बताते हैं।

उन्होंने कहा कि इससे आप की सोच और उनके मापदंड का पता चलता है। विजिलेंस ब्यूरो द्वारा मंगलवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री साधू सिंह धर्मसोत को गिरफ्तार करने पर आप के राज्य सभा सदस्य राघव चड्ढा द्वारा आप सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टारलेंस की नीति अपनाने पर जीवन गुप्ता ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ एक ही नीति होनी चाहिए, जो भ्रष्टाचारी है उस पर कानूनी कार्रवाई हो।