‘फोटो दिखा दें, मैं इस्तीफा दे दूंगा’, CM योगी के आरोपों पर बोले अजय राय
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रायबरेली में दिए गए बयान पर पलटवार किया है. निषाद समाज के कार्यक्रम में मछली खाने को लेकर लगाए गए आरोपों पर कांग्रेस नेता अजय राय ने कहा कि यह निषाद समाज का कार्यक्रम था और वहां जाना उनका काम है.
कांग्रेस नेता अजय राय ने कहा योगी जी कह रहे हैं कि मेरा चरित्र दोहरा है. योगी जी मेरी मछली खाते हुए एक फोटो दिखा दें, मैं इस्तीफा दे दूंगा. अगर फोटो नहीं दिखा पाते हैं तो योगी जी इस्तीफा दें. अजय राय ने आरोप लगाया कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का नॉनवेज खाते हुए फोटो और वीडियो मौजूद है, फिर भी उनके नेता दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं.
अजय राय ने कहा कि झूठ बोल रहे हैं, कटहल खा रहे हैं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि वे खुद को सनातनी कहते हैं, लेकिन उनके आचरण पर सवाल उठते हैं. उन्होंने नितिन नबीन को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि बीजेपी के विधानसभा अध्यक्ष ने राष्ट्रगान का अपमान किया था, उनका इस्तीफा कब लिया जाएगा.
चढ़ावे की चोरी करने वालों की मदद कर रहे- CM योगी
अजय राय ने कहा कि उनके ऊपर आरोप लगाए जा रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री उन लोगों को बचा रहे हैं जिन पर भगवान राम के चढ़ावे की चोरी के आरोप हैं. उन्होंने कहा चढ़ावा चोरों को बचा रहे हो, कांग्रेस इन्हें बचने नहीं देगी. सीएम सबसे बड़े लूटने वाले की मदद कर रहे हैं. भगवान राम के चढ़ावे की चोरी करने वालों की मदद कर रहे हैं.
बच्चों को पैलेट गन से मारा गया- सीएम योगी
वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि बच्चों को पैलेट गन से मारा गया और उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए एफआईआर दर्ज कराने को राहुल गांधी को धरने पर बैठना पड़ा था. अजय राय ने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों पर लगातार आवाज उठाती रहेगी और सरकार से जवाब मांगती रहेगी.
