‘आप मुसलमानों के साथ जानवरों जैसा बर्ताव करती हैं’, असदुद्दीन ओवैसी का ममता बनर्जी पर हमला
नई दिल्ली। एआईएमआईएम के चीफ और लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जोरदार हमला किया है। उन्होंने कहा है कि टीएमसी चीफ ममता बनर्जी ने मुसलमानों के साथ इस्तेमाल करो और फेंक दो वाला बर्ताव किया है।
एनडीटीवी को दिए इंटरव्यू के दौरान, ओवैसी ने कहा, “बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ही वह शख्स हैं जिन्होंने भाजपा को आगे बढ़ने में मदद की और मुसलमानों के साथ ‘इस्तेमाल करो और फेंक दो’ वाली नीति अपनाने वाली भी वही हैं।”
‘ममता बनर्जी कर रहीं भाजपा को मजबूत’
ओवैसी पर अक्सर मुसलमानों के वोटों को बांटकर भाजपा की ‘बी टीम’ के तौर पर काम करने का आरोप लगता रहा है। बंगाल में भी उन्हें ऐसे ही आरोपों का सामना करना पड़ रहा है, जहां वे तृणमूल के बागी नेता हुमायूं कबीर का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “यह ममता बनर्जी ही हैं जो बंगाल में भाजपा की स्थिति को मजबूत कर रही हैं। 1977 में भाजपा के पास सिर्फ चार विधायक थे।”
उन्होंने आगे कहा, “लोग हमें गालियांदे रहे हैं, पूछ रहे हैं कि आप चुनाव क्यों लड़ रहे हैं? लेकिन कोई यह तो समझाए वे तब कहां थे जब 8 लाख मुसलमानों को पूर्वी पाकिस्तान भेज दिया गया था? अब चुनाव लड़ने का फैसला करने पर वे हमें गालियां दे रहे हैं।”
‘मुसलमानों के साथ जानवरों जैसा बर्ताव’
ओवैसी यहीं नहीं रुके उन्होंने आगे हमला जारी रखते हुए कहा, “आप (ममता बनर्जी) SEZ क्यों नहीं बनातीं? आप मुसलमानों के साथ जानवरों जैसा (गायों और भैंसों जैसा) बर्ताव करती हैं। उनके वोटों के लिए उन्हें दुहती हैं और फिर उन्हें किनारे कर देती हैं।”
