दिल्ली-NCR में बदला मौसम, कई इलाकों में छाए बादल; IMD ने जारी किया ताजा अपडेट

दिल्ली-NCR में बदला मौसम, कई इलाकों में छाए बादल; IMD ने जारी किया ताजा अपडेट

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में बुधवार सुबह मौसम का मिजाज बदल गया है। जहां सुबह ही धूप और गर्मी से लोग परेशान थे वहीं 9 बजते-बजते कई इलाकों में बादल छा गए हैं और हल्की हवाएं भी चल रही हैं।

दो दिन से गलत हो रहा था मौसम का अनुमान

मंगलवार को लगातार दूसरे दिन मौसम विभाग का पूर्वानुमान गलत साबित हुआ। यलो अलर्ट के बीच तेज हवा के साथ वर्षा होना तो दूर की बात, कहीं बूंदाबांदी तक नहीं हुई। इसके विपरीत दिन भर तेज धूप व उमस ने परेशान किए रखा। हालांकि देर शाम एनसीआर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश देखी गई।

दिन में 39 डिग्री तापमान में हीट इंडेक्स 40.4 डिग्री दर्ज किया गया। सोमवार को भी कमोबेश ऐसी ही स्थिति देखने को मिली थी। उधर मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार अब आने वाले दिनों में गर्मी और तापमान दोनों में ही वृद्धि देखने को मिलेगी। इसी सप्ताहांत तक अधिकतम तापमान 41 डिग्री पार कर जाएगा।

मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री कम 39.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 68 से 39 प्रतिशत रिकार्ड हुआ।

बुधवार को बारिश की संभावना

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवा के साथ वर्षा होने की भी संभावना है। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 38 और 27 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।

Leave a Reply