‘हम ‘मां-माटी-मानुष’ की सरकार बना रहे हैं’, बंगाल के एग्जिट पोल पर बोलीं सीएम ममता बनर्जी
कोलकाता। बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे व अंतिम चरण का मतदान संपन्न होने के एक दिन बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को बड़ा दावा किया कि राज्य में एक बार फिर मां-माटी-मानुष की सरकार बनेगी।
तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने एक वीडियो संदेश में कहा कि उनकी पार्टी 294 में से 226 से अधिक सीटें जीतकर सत्ता में वापसी करेगी। ममता ने अपने संदेश में जय बांग्ला (जय बंगाल) का नारा लगाते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का उत्साह बढ़ाया।
एग्जिट पोल पर उठाए सवाल
उन्होंने भरोसा जताया कि जनता का समर्थन उनकी पार्टी के साथ है और चुनाव परिणाम उसी दिशा में जाएंगे। ममता ने एक्जिट पोल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि ये एक्जिट पोल भाजपा के निर्देश पर प्रसारित किए जा रहे हैं, ताकि तृणमूल कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ा जा सके।
‘किसी भी तरह के भ्रम में न पड़ें टीएमसी कार्यकर्ता’
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी जमीनी स्तर पर मजबूत है और वास्तविक नतीजे एक्जिट पोल से अलग होंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे किसी भी तरह के भ्रम में न आएं और मतगणना तक सतर्क रहें। ममता ने पार्टी कार्यकर्ताओं व नेताओं से मतगणना केंद्रों के बाहर दिन-रात पहरा देने की अपील की, ताकि किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी न कर सके।
बताते चलें कि राज्य की राजनीति में अब सभी की नजरें चार मई को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जहां यह साफ होगा कि ममता बनर्जी या भाजपा का दावा कितना सही साबित होता है।
