डीआईजी कार्यालय की दिल्ली रोड स्थित दीवार ढही, कई वाहन क्षतिग्रस्त
सहारनपुर। दिल्ली रोड स्थित डीआईजी कार्यालय के बाहर बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब कार्यालय की बाहरी दीवार अचानक भरभराकर सड़क की ओर गिर गई। दीवार के मलबे की चपेट में आकर सड़क किनारे खड़े कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई राहगीर या वाहन चालक मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर के समय अचानक तेज धमाके जैसी आवाज के साथ दीवार का एक बड़ा हिस्सा सड़क की ओर ढह गया। ईंटें और मलबा नीचे खड़ी कारों एवं अन्य वाहनों पर गिर पड़ा, जिससे उनके शीशे टूट गए और बोनट व छत को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने सुरक्षा की दृष्टि से आसपास मौजूद लोगों को दूर हटाया और क्षेत्र को सुरक्षित कराया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि घटना के समय सड़क पर अधिक भीड़भाड़ होती या वहां फल विक्रेताओं की रेहड़ियां लगी होतीं, तो बड़ा हादसा हो सकता था। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही प्रशासन द्वारा इस स्थान से फल विक्रेताओं की रेहड़ियां हटवाई गई थीं, जिससे संभावित जनहानि टल गई। क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि संबंधित दीवार काफी समय से जर्जर स्थिति में थी और इसके गिरने की आशंका पहले भी जताई जा चुकी थी। लोगों का कहना है कि समय रहते दीवार की मरम्मत और सुरक्षा के उचित इंतजाम किए जाते तो इस घटना को रोका जा सकता था। घटना के बाद प्रशासन द्वारा क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
