VivaTech 2026 में PM मोदी का संबोधन: टेक्नोलॉजी से भारत लिख रहा विकास की नई कहानी

VivaTech 2026 में PM मोदी का संबोधन: टेक्नोलॉजी से भारत लिख रहा विकास की नई कहानी

पेरिस में आयोजित VivaTech 2026 के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की तकनीकी प्रगति और डिजिटल बदलाव की कहानी दुनिया के सामने रखी। उन्होंने कहा कि आज भारत वित्तीय समावेशन, शिक्षा, टेलीमेडिसिन, कृषि और कई अन्य क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर टेक्नोलॉजी का उपयोग कर रहा है। साथ ही भारतीय स्टार्टअप्स वैश्विक स्तर पर नई साझेदारियां स्थापित कर रहे हैं।

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि VivaTech के 10वें संस्करण में शामिल होकर उन्हें खुशी हो रही है। उन्होंने इस प्रतिष्ठित टेक्नोलॉजी कार्यक्रम की सफलता के लिए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि साल 2026 भारत और यूरोप के रिश्तों के लिए एक महत्वपूर्ण वर्ष है। भारत और यूरोपीय संघ के बीच हुआ ऐतिहासिक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट व्यापार, निवेश, प्रतिभा, तकनीक और पर्यटन के नए अवसर खोलेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘भारत-फ्रांस इनोवेशन ईयर’ की शुरुआत के साथ फ्रांस, भारत और यूरोप के टेक इकोसिस्टम को जोड़ने में अहम भूमिका निभा रहा है। भारत का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि तकनीकी क्रांति का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि हाल ही में नीस में आयोजित ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम से लेकर पेरिस के VivaTech तक भारतीय स्टार्टअप्स नई संभावनाओं और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के रास्ते खोल रहे हैं। स्पेस टेक्नोलॉजी से लेकर न्यूक्लियर एनर्जी तक भारत मानव क्षमता की सीमाओं को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत का तेज बदलाव तकनीक की ताकत से संभव हुआ है। उन्होंने डिजिटल इंडिया की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि भारत ने दुनिया की सबसे बड़ी डिजिटल पहचान प्रणाली और सबसे बड़े डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म में से एक का निर्माण किया है।

उन्होंने बताया कि यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) के जरिए दुनिया के करीब आधे रियल-टाइम डिजिटल लेन-देन भारत में होते हैं। अब फ्रांस में एफिल टॉवर और पेरिस एयरपोर्ट जैसे प्रमुख स्थानों पर भी UPI के जरिए भुगतान किया जा सकता है।

प्रधानमंत्री ने डिजिलॉकर को दुनिया के सबसे बड़े डिजिटल डॉक्यूमेंट वॉलेट में से एक बताते हुए कहा कि भारत ने कई ऐसे विश्वस्तरीय डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किए हैं, जो लोगों के जीवन को आसान बनाने और समावेशी विकास को बढ़ावा देने में मदद कर रहे हैं।

Leave a Reply