निजीकरण के विरोध में सफाई कर्मचारियों का उग्र आंदोलन, तीसरे दिन भी हड़ताल जारी

निजीकरण के विरोध में सफाई कर्मचारियों का उग्र आंदोलन, तीसरे दिन भी हड़ताल जारी
  • सहारनपुर में नगर निगम परिसर में धरना देते सफाई मजदूर।

सहारनपुर। नगर निगम की सफाई व्यवस्था के निजीकरण के विरोध में अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के तत्वावधान में चल रहा विशाल धरना-प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी रहा। सफाई कर्मचारियों और सुपरवाइजरों की हड़ताल के चलते शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।

जगह-जगह कूड़े के ढेर लगने से आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धरना स्थल पर भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज के राष्ट्रीय संचालक वीरोतम अजय बिरला अपने सहयोगियों केंद्रीय सदस्य वीर श्रेष्ठ प्रवीण सोदाई, प्रदेश अध्यक्ष गौरव पुहाल, मंडल अध्यक्ष वीर आनंद बिरला, जिला अध्यक्ष गौरव चैहान सहित अनेक साथियों के साथ पहुंचे और आंदोलन को समर्थन दिया। धरने में सैकड़ों की संख्या में सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।

कर्मचारियों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए निजीकरण वापस लेने तथा ठेका एवं संविदा सफाई कर्मचारियों को स्थायी करने की मांग उठाई। भीषण गर्मी के बीच बाजारों, मोहल्लों और मुख्य मार्गों पर कूड़े के ढेर लगे हुए हैं, जिससे दुर्गंध फैल रही है। शहर की प्रमुख नेहरू मार्केट, दवाई मार्केट, मोबाइल मार्केट सहित कई इलाकों में गंदगी का अंबार दिखाई दे रहा है। सफाई यूनियन के पदाधिकारियों ने नगर निगम गैरेज पर तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया और कई विभागों में कामकाज बंद करा दिया।

उधर नगर निगम महापौर डॉ. अजय कुमार के साथ यूनियन की वार्ता लगातार जारी है, लेकिन अब तक किसी भी मुद्दे पर सहमति नहीं बन पाई है। यूनियन नेताओं का कहना है कि निजीकरण की प्रक्रिया वापस लेने और ठेका कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने तक आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply