भूमि अधिग्रहण के विरोध में ग्रामीणों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

भूमि अधिग्रहण के विरोध में ग्रामीणों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
सहारनपुर में जिलाधिकारी को ज्ञापन देने जाते ग्रामीण।

सहारनपुर। तहसील सदर क्षेत्र के उमाही, कुराली, नौजली और बडूली गांवों में यूपीसीडा द्वारा किए जा रहे भूमि अधिग्रहण के विरोध में मंगलवार को ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को पत्र सौंपा। किसानों ने भूमि का उचित मुआवजा देने समेत कई मांगें उठाईं।

ग्रामीणों प्रदीप राणा, विकास राणा और कालूराम शर्मा ने बताया कि यूपीसीडा आपसी सहमति के आधार पर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ा रहा है। उनका कहना है कि चारों गांव स्टेट हाईवे से सटे होने के बावजूद भूमि के सर्किल रेट काफी कम हैं। ऐसे में सर्किल रेट के चार गुना के आधार पर मिलने वाला मुआवजा भी मौजूदा बाजार भाव की तुलना में कम पड़ रहा है। इसी कारण किसानों और यूपीसीडा के बीच सहमति नहीं बन पा रही है। ग्रामीणों ने मांग की कि चारों गांवों में एक ही उद्देश्य के लिए भूमि अधिग्रहण किया जा रहा है, इसलिए सभी किसानों को समान दर से मुआवजा दिया जाए। उन्होंने उमाही गांव में सामान्य भूमि के लिए निर्धारित करीब 1.08 करोड़ रुपये प्रति हेक्टेयर के सर्किल रेट को आधार बनाकर मुआवजा तय करने की मांग की। इसके अलावा किसानों ने अधिग्रहित भूमि के मुआवजे से दोबारा जमीन खरीदने पर स्टांप ड्यूटी और पंजीकरण शुल्क में 100 प्रतिशत छूट देने की भी मांग रखी। इस मोके पर सतनाम सिंह, यूनुस, सोमपाल, मलविंद्र सिंह, राहुल राणा, प्रेम कुमार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply