सरसावा पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर चोर
- चोरी की घटना में चुराए आभूषणों को बेचकर अर्जित की गई लाखों की नगदी बरामद
सहारनपुर। थाना सरसावा पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक वांछित आरोपी को दबोचने में सफलता हासिल कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए आभूषणों को बेचकर अर्जित की गई 8 लाख 35 हजार रूपए की नगदी बरामद कर ली।
पुलिस लाईन के नवीन सभागार में एसएसपी अभिनंदन ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि 15 अप्रैल को वादी राजपाल सिंह पुत्र सोमसिंह निवासी ग्राम कुतुबपुर थाना सरसावा ने थाने में लिखित तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने उसके घर में घुसकर वहां रखे संदूक से सोनू-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी थी।
एसएसपी ने बताया कि थाना सरसावा पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार, महिला उपनिरीक्षक नेहा उपाध्याय, उपनिरीक्षक देवकरन शर्मा व उपनिरीक्षक सौरभ यादव के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक वांछित आरोपी शोएब पुत्र शौकत अली निवासी ग्राम समसपुर थाना सरसावा को समसपुर से नवादा जाने वाले रास्ते पर कामिल के निर्माणाधीन मकान के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए आभूषणों को बेचकर अर्जित की गई 8 लाख 35 हजार रूपए की धनराशि बरामद कर ली।
एसएसपी ने बताया कि दबोचे गए आरोपी शोएब ने पुलिस को पूछताछ के दौरान बताया कि मैं करीब 3 साल पहले गांव कुतुबपुर में रवि मिस्त्री की दुकान पर मोटरसाइकिल रिपेयरिंग का काम करता था। राजपाल सिंह से मोटरसाइकिल रिपेयरिंग के सिलसिले में मेरी जान-पहचान हो गई थी तथा उसके घर आना-जाना हो गया था। इसी दौरान मुझे पता चला था कि राजपाल सिंह के घर में रखे संदूक में बहुत सारे सोने-चांदी के आभूषण रखे हैं। एक दिन मुझे पता चला कि राजपाल सिंह व उसका परिवार कहीं रिश्तेदारी में बाहर गया हुआ है। घर पर केवल एक बुजुर्ग है जिसका फायदा उठाकर मैंने घर में घुसकर वहां रखे संदूक से सोने-चांदी के आभूषण कर लिए थे तथा अलग-अलग स्थानों पर अंजान लोगों को बेच दिए थे। बरामद धनराशि उसी चोरी के आभूषणों को बेचकर हासिल की गई थी। पुलिस ने आरोपी का बीएनएस की धारा-305(ए) में चालान काटकर जेल भेज दिया।
