उत्तर प्रदेश : मिलावटी खाद्य तेल बेचने वालों के पर सख्त कार्यवाही, 14 फ़र्मों पर प्रतिबंध
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मिलावटी खाद्य तेल के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रदेशभर में गठित 58 सचल दलों ने छापेमारी कर कुल 210 नमूने लिए, जिनमें से 206 खाद्य तेल और वसा से जुड़े थे। जांच में कई नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे और कुछ को असुरक्षित घोषित किया गया।
जांच रिपोर्ट के आधार पर 14 फर्मों के उत्पादों के निर्माण, भंडारण, वितरण और बिक्री पर राज्य में प्रतिबंध लगा दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार कई नमूनों में लेड की मात्रा अधिक पाई गई, जबकि कुछ मामलों में विभिन्न खाद्य तेलों को मिलाकर बेचा जा रहा था। इसके अलावा फोर्टिफाइड तेलों में निर्धारित मात्रा से कम विटामिन पाए गए, जिससे उपभोक्ताओं को गुमराह किया जा रहा था।
कार्रवाई के दायरे में लखनऊ, कानपुर नगर, कानपुर देहात, आगरा, मेरठ, हापुड़ और गोरखपुर की फर्में शामिल हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण उत्पाद मिल सकें।
