यूपी सिपाही भर्ती परीक्षा आज: एग्जाम सेंटर पर जूते की बजाय चप्पल पहनकर जाएं अभ्यर्थी, कलावा-मंगलसूत्र पर रोक नहीं

यूपी सिपाही भर्ती परीक्षा आज: एग्जाम सेंटर पर जूते की बजाय चप्पल पहनकर जाएं अभ्यर्थी, कलावा-मंगलसूत्र पर रोक नहीं

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों पर भर्ती को लेकर आठ, नौ व 10 जून होने वाली लिखित परीक्षा की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की वेबसाइट से 16 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने प्रवेश पत्र डाउनलोड किए हैं।

सोमवार से दो पालियों में आयोजित होने वाली परीक्षा को लेकर भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्रों पर जूते की बजाय चप्पल पहनकर आएं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया है कि कलावा, मंगलसूत्र व धार्मिक प्रतीक चिह्न को पहनकर आने पर कोई रोक नहीं है

सरकार ने भर्ती परीक्षा के लिए यात्रा करने वाले अभ्यर्थियों को बसों में प्रवेश पत्र दिखाने पर 50 प्रतिशत की छूट देने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के विभिन्न जिलों में आवागमन को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, जिससे उन्हें आर्थिक राहत मिल सके और परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष डीजी एसबी शिरडकर ने बताया कि आरक्षियों के 32,679 पदों पर भर्ती को लेकर आयोजित होने वाली परीक्षा के आयोजन के लिए पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। साल्वर गिरोह पर नजर रखने के लिए एसटीएफ व पुलिस को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सभी नोडल अधिकारियों द्वारा परीक्षा केंद्रों तक सही प्रश्न पत्र भेज दिए गए हैं। रविवार शाम से ही सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। कड़ी जांच के बाद अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों में प्रवेश करने दिया जाएगा। इससे पहले उनके आधार कार्ड का सत्यापन और ई-केवाई की प्रक्रिया भी होगी।

अभ्यर्थियों को आइरिस जांच (पुतलियों की जांच) के बाद ही परीक्षा केंद्र में जाने की अनुमति दी जाएगी। परीक्षा के लिए 28.65 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। भर्ती बोर्ड के अपर सचिव भर्ती सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि परीक्षा की प्रत्येक पाली में करीब 4.90 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। साथ ही महिला अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए उनके गृह जिलों में ही परीक्षा केंद्र आवंटित किया गया है।

परीक्षा के लिए रोडवेज की अतिरिक्त बसें चलेंगी

आरक्षी भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या को देखते हुए उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम ने सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए विशेष तैयारियां की हैं। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने निगम के सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को आवश्यक निर्देश जारी करते हुए कहा है कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इसके लिए मंडल और जिला स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से समन्वय बनाया जाए। प्रमुख बस स्टेशनों पर परीक्षा सहायता डेस्क स्थापित किए जाएंगे।

परीक्षा केंद्रों तक पहुंच आसान बनाने के लिए जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बसों का संचालन और अस्थायी रूट परिवर्तन भी किया जाएगा। अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए पर्याप्त बसें, चालक और परिचालक तैनात किए जाएंगे।

Leave a Reply