हर घर तिरंगा अभियान बना राष्ट्रभक्ति का जनआंदोलन: नगर विधायक
सहारनपुर। नगर विधायक राजीव गुम्बर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चल रहा हर घर तिरंगा अभियान अब राष्ट्रभक्ति के जनांदोलन का रूप ले चुका है। यह अभियान देशवासियों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, गौरव और आत्मीयता की भावना को मजबूत कर रहा है। नगर विधायक श्री गुम्बर आज भाजपा शारदा मंडल में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। राजीव गुंबर ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों का त्याग और समर्पण सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। शहीदों का सम्मान करना और राष्ट्रध्वज की गरिमा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने देशवासियों में राष्ट्रप्रेम की भावना को नई ऊर्जा दी है। उन्होंने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रभक्ति के इस अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया। विधायक ने कहा कि शहीदों के सम्मान के साथ स्वच्छता, राष्ट्रध्वज की गरिमा और राष्ट्रहित के कार्यों में सहभागिता ही सच्ची राष्ट्रभक्ति है। सभी को वीर शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्र की प्रगति और सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए।
इससे पूर्व विधायक गुम्बर ने कार्यकर्ताओं के साथ वीर शहीद निशांत शर्मा की प्रतिमा स्थल पर स्वच्छता अभियान चलाया। स्वच्छता के बाद उन्होंने शहीद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इसके पश्चात विधायक ने शहीद निशांत शर्मा के परिजनों से भेंट कर उनका सम्मान किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद संजय सैनी, राजेंद्र गुम्बर, प्रदीप पंवार, रोहित पुंडीर, राजीव सैनी, आशीष अग्रवाल, संजीव आर्यन, राजकुमार त्यागी सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
