व्यापारियों ने लॉकडाउन के दौरान लगातार ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों की उतारी आरती

व्यापारियों ने लॉकडाउन के दौरान लगातार ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों की उतारी आरती

सोनभद्रः कोरोना वायरस के चेन को तोड़ने के लिए लॉकडाउन का आज 14वां दिन है। इस आपदा की स्थिति में पुलिस, मेडिकलकर्मी, सफाईकर्मी जैसे कई कोरोना वॉयरिर्स हैं, जो अपनी भूमिका का बखूबी निवर्हन कर रहे हैं। वहीं ओबरा उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल द्वारा नगर के व्यापारियों ने लॉकडाउन के दौरान लगातार ड्यूटी पर तैनात क्षेत्राधिकारी ओबरा भास्कर वर्मा, थाना प्रभारी शैलेश राय व कस्बा चौकी इंचार्ज कृष्ण अवतार सिंह आदि की आरती उतारी और उन्हें फूल माला पहनाकर उनका मान बढ़ाया।

साथ ही व्यापार मंडल द्वारा आटा, चावल, दाल, तेल, आलू आदि राशन सामग्री गरीबों असहायों की मदद हेतु प्रशासन को सुपुर्द किया। लॉकडाउन के बीच पुलिसकर्मी रात-दिन ड्यूटी करके इसका पालन करा रहे हैं। देश हित में समर्पित ऐसे पुलिसकर्मियों का ओबरा में जमकर सम्मान हो रहा है। कई व्यापारियों ने इनकी आरती उतारी तो कई व्यापारियों ने फूलों की बरसात की। ओबरा कस्बे के सुभाष तिराहे पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल से जुड़े व्यापारियों ने संरक्षक आलोक भाटिया व व्यापार मंडल अध्यक्ष सुशील गोयल के नेतृत्व में सीओ ओबरा, थाना प्रभारी व पुलिस कर्मचारियों का आरती उतार व फूल बरसाकर सम्मान किया।

नेतृत्व कर रहे व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुशील गोयल ने कहा कि लॉकडाउन को सफल बनाने में पुलिस की बड़ी भूमिका है। जगह-जगह नाकाबंदी कर पुलिस लोगों को कोरोना से बचाव हेतु रोकने में जुटी हुई है। पुलिस कर्मचारी चौबीसों घंटे अपने काम को अंजाम देने में मुस्तैदी से नजर आते हैं।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे