हाईवे पर थार सवार युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, कान के पास से निकली गोली; पुरानी रंजिश में हमला होने की आशंका

देवबंद/तल्हेड़ी बुजुर्ग: साखन नहर के समीप हाईवे पर बृहस्पतिवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक थार कार पर सफेद रंग की गाड़ी में सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में कार चालक आसाखेड़ी निवासी अचिन त्यागी गोली लगने से बाल-बाल बच गए, जबकि दो गोलियां उनकी थार कार में जा लगीं।

सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर कपिल देव पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और नाकेबंदी कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पीड़ित अचिन त्यागी ने बताया कि वह बृहस्पतिवार शाम अपनी थार कार में हवा भरवाने के लिए हाईवे पर आए थे। इसी दौरान सामने से आई एक सफेद रंग की कार से उतरे लोगों ने उन पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली कार के शीशे को चीरती हुई अचिन के कान के बेहद करीब से निकल गई, जबकि दूसरी गोली गाड़ी के साइड में लगी। जान बचाने के लिए अचिन तुरंत कार का दरवाजा खोलकर पास के खेतों की तरफ भागे, जिसके बाद भी हमलावरों ने उन पर कई राउंड फायर किए। जांच में जुटी पुलिस फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने मौके पर मौजूद अचिन त्यागी और अन्य प्रत्यक्षदर्शियों से घटना की जानकारी ली। अचिन ने पुलिस को बताया कि हमलावर उनके परिचित हैं और उनके बीच पुराना विवाद चल रहा है, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply