भूमाफिया पिता-पुत्रों की हिस्ट्रीशीट खुली, आने वाले दिनों में कस सकता है शिकंजा

देवबंद। शासन के आदेश पर नगर के चर्चित भूमाफिया पिता-पुत्रों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। दोनों आरोपियों की हिस्ट्रीशीट खोलते हुए उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच शुरु कर दी है। आने वाले दिनों में कार्रवाई का दायरा बढ़ सकता है।

बजरंग दल के पूर्व विभाग संयोजक विकास त्यागी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र भेजकर आरोप लगाया था कि नगर के मोहल्ला बड़जियाउलहक निवासी मुख्तियार उसके बेटे शेर मोहम्मद व अहमद लंबे समय से हत्या, सरकारी एवं निजी भूमि पर अवैध कब्जे, मारपीट और धमकी जैसे मामलों में संलिप्त हैं। शिकायत में दोनों के खिलाफ दर्ज मुकदमों का हवाला देते हुए कठोर कार्रवाई की मांग की गई थी। विकास त्यागी ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पूरे प्रकरण की जानकारी भी दी थी। सीएम कार्यालय ने मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगालना शुरु कर दिया है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार आरोपी पिता-पुत्रों पर भूमि कब्जाने, हत्या, फिरौती मांगने और मारपीट समेत एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की हिस्ट्रीशीट खोल दी गई है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply