‘मैं और मेरा परिवार’ से हटकर देश के बारे में सोचें: सुरेश राणा

‘मैं और मेरा परिवार’ से हटकर देश के बारे में सोचें: सुरेश राणा
सहारनपुर में मुख्य अतिथि सुरेश राणा का स्वागत करते गौरव जैन आदि एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति देते कलाकार।

मेला गुघाल के सांस्कृतिक आयोजनों की श्रृंखला में संगीतमय शाम का आयोजन

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के पूर्व गन्ना विकास मंत्री एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश राणा ने कहा कि हमें ‘मैं और मेरा परिवार’ की सोच से ऊपर उठकर देश के बारे में सोचना होगा। देश सर्वोपरि है और प्रत्येक नागरिक को इसे ध्यान में रखते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की गौरवशाली विरासत और बलिदान की परंपरा को समझना और आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

सुरेश राणा मेला गुघाल के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) के सभागार में आयोजित ‘संगीतमय शाम’ कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमें अपनी पहचान और विरासत को समझते हुए विकास की दिशा में आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि पंजाब माता विद्यावती द्वारा अपने बेटे भगत सिंह के देश के लिए बलिदान पर गौरवान्वित होने की भावना, गुरु गोविंद सिंह के साहिबजादों जोरावर सिंह और फतेह सिंह का बलिदान तथा बंदा बैरागी जैसे वीरों की देशभक्ति हमारी गौरवशाली परंपरा का हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि विकास के साथ अपनी विरासत को सहेजना भी जरूरी है। यदि हम अपनी संस्कृति और इतिहास को सुरक्षित रखते हुए विकास की दिशा में आगे बढ़ेंगे, तभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में योगदान दे सकेंगे।

कार्यक्रम में महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि सहारनपुर में जाहरवीर गोगा जी महाराज की स्मृति में मेला गुघाल का आयोजन गौरव की बात है। मेला गुघाल के माध्यम से शहर की परंपराओं और संस्कृति को सहेजने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमें अपनी विरासत को सुरक्षित रखते हुए विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना है।

इससे पूर्व उद्यमी रविंद्र मिगलानी, एचएस चड्ढा, अमर गुप्ता, नीरज मिड्ढा, पूर्व महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, मयंक अग्रवाल, कुलदीप धमीजा, उपसभापति मयंक गर्ग और महानगर महामंत्री किशोर शर्मा सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित किया। महापौर, मेला चेयरमैन, पार्षद संजय सैनी, मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष पार्षद दिग्विजय चौहान, पूर्व महानगर अध्यक्ष हेमंत अरोड़ा, दल नेता राजेंद्र कोहली, पूर्व उपसभापति मुकेश गक्खड़, सह संयोजक ज्योति अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक पार्षद गौरव जैन, महानगर महामंत्री ललित कटारिया और पार्षद प्रतिनिधि अनिल शर्मा ने संगीतमय शाम का रिबन काटकर उद्घाटन किया।

कार्यक्रम संयोजक पार्षद गौरव जैन, सह संयोजक विजय वर्मा, संजय गुप्ता और अनुराग जैन ने मुख्य अतिथि सुरेश राणा, महापौर डॉ. अजय कुमार, नकुड़ विधायक मुकेश चौधरी, महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई सहित अन्य अतिथियों एवं पार्षदों का पटका पहनाकर और स्मृति चिह्न देकर अभिनंदन किया।

हरिद्वार और दिल्ली से आए कलाकारों ने गणेश वंदना ‘वक्रतुण्ड महाकाय…’ के साथ संगीतमय शाम का शुभारंभ किया। इसके बाद कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गीत और सामूहिक नृत्य की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. वीरेंद्र आजम ने किया।

Leave a Reply