प्रयागराज में छात्र डिटेन, अखिलेश बोले- किसके कहने पर हो रही धोखाधड़ी?

प्रयागराज में छात्र डिटेन, अखिलेश बोले- किसके कहने पर हो रही धोखाधड़ी?

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आन्दोलनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई का मामला तूल पकड़ गया है. जिसमें समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने मुद्दा उठाया है, उन्होंने कहा कि जब केंद्र सरकार ने वादा किया था कि किसी भी छात्र के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी तो फिर ऐसे धोखाधड़ी क्यों?

सपा प्रमुख ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने कहा, “पूरे देश के सूचनार्थ: बेहद गंभीर ख़बर, प्रयागराज प्रोटेस्ट के नाम पर बहुत सारे छात्रों को यूपी पुलिस की विशेष टीम बिना नंबर की गाड़ी में उठाकर ले गई है. जब केंद्र सरकार ने वादा किया था कि किसी भी छात्र के विरुध्द कोई कार्रवाई नहीं होगी तो फिर ऐसी धोखाधड़ी किसके कहने पर हो रही है. क्या उत्तर प्रदेश की पुलिस प्रधानमंत्री जी के आश्वासन और वादे को जुमला साबित करना चाहती है ?”

छात्रों की तुरंत रिहाई की मांग

अखिलेश यादव ने आगे लिखा कि उठाए गए सभी छात्रों की तुरंत रिहाई हो और इस अवैध गतिविधि में लिप्त सभी पुलिसकर्मियों और उच्च अधिकारियों को निलंबित करके उनके विरुद्ध सख़्त से सख़्त कार्रवाई की जाए. इसके साथ ही उन्होंने कोर्ट से इस मामले के तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है और कहा कि इन छात्रों के जीवन पर खतरा मंडरा रहा है.

आन्दोलन के दौरान कार में हुई थी तोड़फोड़

यहां बता दें कि दिल्ली के जंतर-मंतर के समर्थन में प्रयागराज में भी छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया. वहीँ शनिवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे के बाद सिविल लाइंस इलाके में छात्रों-युवाओं का हुजूम उमड़ पड़ा. इस बीच कुछ ने एक कार में जमकर तोड़फोड़ की थी. जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है. इससे पहले भी छात्र पेपर लीक परीक्षा में धांधली रोकने के लिए लगातार प्रदर्शन कर रहे थे.

इधर अब पुलिस ने उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है. जिस पर विपक्ष ने सवाल खड़े करने शुरू कर दिए हैं. जबकि सरकार ने दावा किया था कि किसी भी छात्र पर कोई कानूनी कार्रवाई नहीं होगी.