कांवड़ यात्रा के दूसरे चरण में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: एसएसपी
सहारनपुर। श्रावण कांवड़ यात्रा के दूसरे चरण के शुरू होने के साथ ही पुलिस प्रशासन ने यातायात डायवर्जन योजना पूरी तरह लागू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनदंन ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 12 फीट से अधिक ऊंचाई वाले डीजे पर रोक सुनिश्चित करने के लिए कांवड़ मार्ग पर ऊंचाई अवरोधक (हाइट बैरियर) लगाए गए हैं। सभी कांवड़ चैकियों पर डीजे की ऊंचाई मापने की व्यवस्था भी की गई है।
एसएसपी अभिनदंन ने बताया कि स्पीकरों के ऊपर बैठने वाले कांवड़ियों को सुरक्षा की दृष्टि से नीचे उतरवाया जा रहा है। पूरे कांवड़ मार्ग पर पुलिस बल लगातार तैनात है और बारिश के बावजूद पुलिसकर्मी सेवा एवं सुरक्षा में जुटे हैं। इसके अलावा एटीएस की टीमें, ड्रोन निगरानी तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं भी सक्रिय हैं। सभी अधिकारी, मजिस्ट्रेट और पुलिसकर्मी 24 घंटे क्षेत्र में रहकर व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना या अप्रिय घटना रोकना प्रशासन की प्राथमिकता है। सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाकर यात्रा की शांति और पवित्रता भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
