सपा में शामिल हुए दामाद का इमरान मसूद पर हमला, ‘अगर आप अखिलेश को…’
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से कांग्रेस के सांसद इमरान मसूद के दामाद शायान मसूद कांग्रेस का साथ छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं. समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद शायान मसूद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के समर्थन में गाना भी लगाया.
सपा ज्वाइन करने के बाद शायान मसूद ने इमरान मसूद को लेकर कहा, “मैं इमरान मसूद की विचारधारा से इत्तेफाक नहीं रखता. उत्तर प्रदेश में अगर आप बीजेपी को हराना चाह रहे तो आपको बीजेपी के खिलाफ बोलना पड़ेगा. वो अखिलेश यादव पर अटैक कर रहे हैं. अखिलेश यादव ही बीजेपी को हराएंगे और अगर आप उन्हीं पर हमला कर रहे हैं तो इसका मतलब आप सीधे-सीधे बीजेपी को फायदा पहुंचाना चाह रहे हैं. मेरे और उनके वैचारिक मतभेद हैं इसलिए उनको छोड़कर अखिलेश यादव का हाथ थामा है.”
इमरान मसूद पर जमकर बरसे दामाद शायान मसूद
शायान मसूद ने आगे कहा, “उन्होंने सिंपल प्वाइंट एजेंडा बना लिया है कि सिर्फ और सिर्फ अखिलेश यादव पर हमला करना है. आप हराना बीजेपी को चाह रहे हैं और लड़ाई समाजवादी पार्टी से लड़ रहे हैं. अपने पर्सनल फायदे के लिए आप उस पर हमला कर रहे हैं जो फिरकापरस्त ताकतों को रोक सकता है. इसलिए मैंने उनका दामन है और हम अखिलेश यादव का मजबूत करना चाहते हैं.”
उन्होंने आगे कहा, “हमारा सीधा एजेंडा यही है कि भारतीय जनता पार्टी हारे और फिरका-परस्त हारें.” पार्टी ज्वाइन करने के बाद शायान मसूद ने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरे प्रदेश के अंदर अच्छा प्रदर्शन कर रही है. आप देख रहे हैं कि पीडीए की स्वीकार्यता बहुत तेजी से बढ़ती जा रही है. लोगों के अंदर इस बात को लेकर उत्साह है कि इस बार उत्तर प्रदेश के अंदर बदलाव आए.
अखिलेश यादव की मौजूदगी में थामा सपा का दामन
समाजवादी पार्टी ने अपने सोशल मीडिया हैंडलर पर जानकारी देते हुए बताया कि लखनऊ में सहारनपुर के शादान मसूद, शायान मसूद एवं उनके साथियों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के उपरांत राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से शिष्टाचार मुलाकात की.
