महाराणा प्रताप जयंती पर समरसता गोष्ठी आयोजित
सहारनपुर। रविदास विद्वत सभा के तत्वावधान में शुक्रवार को रविदास आश्रम चमारीखेड़ा में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समरसता गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के आदर्शों, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सभा के संरक्षक ठाकुर सूर्यकांत सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन त्याग, संघर्ष, सामाजिक समरसता और मातृभूमि के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया।
वक्ताओं ने युवाओं से महाराणा प्रताप के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्रहित और सामाजिक सद्भाव के लिए कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महंत जगरामदास ने तथा संचालन आचार्य सुंदर दास ने किया।
