सैनी समाज अब नहीं बनेगा किसी दल का वोट बैंक, सत्ता में हिस्सेदारी लेकर रहेगा: साहब सिंह सैनी

सैनी समाज अब नहीं बनेगा किसी दल का वोट बैंक, सत्ता में हिस्सेदारी लेकर रहेगा: साहब सिंह सैनी
सहारनपुर के चंद्रलोक पैलेस में आयोजित सैनी समाज की विशाल सभा को संबोधित करते पूर्व कैबिनेट मंत्री साहब सिंह सैनी एवं उपस्थित समाज के लोग।

सहारनपुर में सैनी समाज की विशाल सभा से राजनीतिक दलों को बड़ा संदेश, पूर्व मंत्री ने भाजपा छोड़ने की अटकलों पर लगाया विराम

सैनी, शाक्य, मौर्य और कुशवाहा समाज की आबादी 15 प्रतिशत होने का दावा, जनसंख्या के अनुपात में राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की उठाई मांग

सहारनपुर। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सैनी समाज ने राजनीतिक भागीदारी और सत्ता में उचित हिस्सेदारी को लेकर अपनी आवाज बुलंद कर दी है। उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा नेता साहब सिंह सैनी ने दो टूक कहा कि सैनी समाज अब किसी भी राजनीतिक दल के झूठे वायदों और आश्वासनों में आने वाला नहीं है। समाज को केवल वोट बैंक समझने की राजनीति अब स्वीकार नहीं की जाएगी। अपने अधिकारों और सत्ता में सम्मानजनक हिस्सेदारी के लिए समाज एकजुट होकर संघर्ष करेगा।

पूर्व मंत्री रविवार को राष्ट्रीय सैनी सभा की जिला शाखा सहारनपुर के तत्वावधान में अंबाला रोड स्थित चंद्रलोक पैलेस में आयोजित सैनी समाज की विशाल सभा को संबोधित कर रहे थे। सभा में समाज के राजनीतिक भविष्य, संगठनात्मक एकजुटता और सत्ता में भागीदारी को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

आबादी के अनुपात में मिले राजनीतिक हिस्सेदारी

साहब सिंह सैनी ने कहा कि सैनी समाज का इतिहास शौर्य, वीरता और राष्ट्र के प्रति समर्पण से भरा हुआ है। समाज ने हमेशा देश के गौरव और स्वाभिमान की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसके बावजूद राजनीतिक दलों ने समाज को उचित प्रतिनिधित्व देने के बजाय केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया।

उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में सैनी, शाक्य, मौर्य और कुशवाहा समाज की संयुक्त आबादी लगभग 15 प्रतिशत है, लेकिन इस अनुपात में समाज को राजनीति और सत्ता में भागीदारी नहीं मिल रही है।

उन्होंने कहा कि अब परिस्थितियां बदल रही हैं। समाज का युवा वर्ग राजनीतिक रूप से जागरूक हो चुका है और अपने अधिकारों की अनदेखी बर्दाश्त करने को तैयार नहीं है। सैनी समाज अब केवल चुनावों में समर्थन देने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि निर्णय लेने वाली व्यवस्था में भी अपनी उचित भागीदारी सुनिश्चित करना चाहता है।

भाजपा छोड़ने की चर्चाओं पर लगाया विराम

सभा के दौरान पूर्व मंत्री साहब सिंह सैनी ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर चल रही अटकलों पर भी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने भाजपा छोड़ने की चर्चाओं को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी में ही हैं और आगामी विधानसभा चुनाव में भी उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते देखना चाहते हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार विकास की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। सैनी समाज भी केंद्र और प्रदेश की सत्ता में उचित भागीदारी हासिल कर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहता है।

साहब सिंह सैनी ने उम्मीद जताई कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व समाज की भावनाओं, अपेक्षाओं और राजनीतिक आकांक्षाओं का सम्मान करते हुए उसे उचित प्रतिनिधित्व प्रदान करेगा।

युवा शक्ति अब राजनीतिक अनदेखी बर्दाश्त नहीं करेगी

सभा को संबोधित करते हुए हुकम सिंह प्रधान और अमीश प्रधान ने कहा कि सैनी समाज अपने राजनीतिक अधिकारों को लेकर पूरी तरह एकजुट है। अब समाज को केवल चुनावी वायदों से संतुष्ट नहीं किया जा सकता।

युवा नेता मयंक प्रताप सैनी ने कहा कि समाज की युवा शक्ति राजनीतिक अन्याय और उपेक्षा के खिलाफ मजबूती से संघर्ष करेगी। युवाओं को अपनी ताकत पहचानकर समाज के अधिकारों के लिए संगठित होना होगा।

राष्ट्रीय सैनी सभा के जिलाध्यक्ष अनुज सैनी प्रधान ने कहा कि सैनी समाज ने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा है। अब राजनीतिक दलों की भी जिम्मेदारी है कि वे समाज की भावनाओं का सम्मान करें और उसे राजनीति में उचित स्थान दें।

हजारों लोगों ने हाथ उठाकर लिया एकजुटता का संकल्प

सभा में डॉ. चंद्रपाल सैनी, मास्टर राजकुमार गंगोह, प्रीतम सिंह सैनी नैनखेड़ी और सतपाल सैनी कुंदनगढ़ सहित अनेक वक्ताओं ने समाज की राजनीतिक और सामाजिक एकजुटता पर विचार रखे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता हुकम सिंह सैनी तकीपुर ने की, जबकि संचालन अनुज प्रधान और चौधरी हुकम सिंह प्रधान ने संयुक्त रूप से किया।

सभा के अंत में मौजूद हजारों लोगों ने हाथ उठाकर सैनी समाज के राजनीतिक अधिकारों, सम्मान और सत्ता में उचित हिस्सेदारी के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

Leave a Reply