सहारनपुर में आशा कार्यकत्रियों का प्रदर्शन, 30 हजार रुपये मानदेय और राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की मांग
जिला मुख्यालय पर जुलूस निकालकर सौंपा राज्यपाल के नाम ज्ञापन, मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
सहारनपुर। निर्धारित मानदेय सहित विभिन्न मांगों को लेकर आशा कार्यकत्रियों ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। संयुक्त आशा संगठन के संयोजक संजय वालिया के नेतृत्व में आशा कार्यकत्रियां सीएमओ कार्यालय पर एकत्र हुईं। इसके बाद जुलूस निकालते हुए विभिन्न मार्गों से जिला मुख्यालय पहुंचीं और नारेबाजी कर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई। प्रदर्शन के बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा गया।
प्रदर्शन के दौरान संजय वालिया ने कहा कि आशा कार्यकत्रियां ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। गर्भवती महिलाओं की देखभाल से लेकर अन्य स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं के क्रियान्वयन तक वे अपनी जिम्मेदारियां निभाती हैं। इसके बावजूद उन्हें काम के अनुपात में उचित मानदेय नहीं मिल रहा है।
उन्होंने सरकार से आशा कार्यकत्रियों के लिए 30 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय निर्धारित करने और राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की मांग की। इसके साथ ही प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर तैनात चिकित्सा अधिकारियों के स्थानांतरण तथा जिला स्तर पर आशा कार्यकत्रियों के कथित शोषण पर रोक लगाने की मांग भी उठाई।
संजय वालिया ने चेतावनी दी कि मांगों पर सुनवाई नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकत्रियां कार्य बहिष्कार कर रही हैं और मांगें पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी आशा कार्यकत्रियों की समस्याओं का संज्ञान लेकर समाधान कराने की अपील की।
जिलाध्यक्ष कमलेश सैनी और ललतेश ने कहा कि आशा कार्यकत्रियों के हितों की रक्षा के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यकत्रियों का कथित शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
ये रहीं मौजूद
प्रदर्शन में लता, ललतेश, मिथिलेश, नेहा, भावना, पूनम देवपुरा, सुदेश संगाथेड़ा, ममता भनैड़ा, पिंकी मोहरा, सुनीता, बोबी, प्रवीन, रविता, कविता, सीमा, ओमलता, मोनिका, मिथिलेश फूलर, राजकी देवी, प्रीति शर्मा, रीना, काजल, मौसम देवी, उर्मिला, गीता, रचना धारहेड़ा, मीनाक्षी महेश्वरी, दीपमाला, सुषमा, बबली, सोनिया, बेबी, बबीता, पुनीता, बलवंती, शारदा, सरिता, सताक्षी, रेखा, उषा, सविता, सुलेखा, संगीता, सुमन, प्रेमा, राधा, विमला, रीता, नीलम, अर्चना, निशा, कौशल, नीलू, ललिता, आलिया, रुकसाना, राजवती, मीरा, माया, राखी, कमलेश, पूजा, प्रवेश, शीतल, दीपा और सुरजला समेत बड़ी संख्या में आशा कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।
