जेएनयू प्रकरण पर भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, राहुल गांधी के इस्तीफे की मांग
11 छात्राओं के यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना, महिला कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर जताया विरोध
सहारनपुर। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में 11 महिला छात्राओं द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों के प्रकरण को लेकर सहारनपुर में भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। भाजपा महानगर सहारनपुर के बैनर तले महिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस नेतृत्व पर मामले में चुप्पी साधने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी के इस्तीफे की मांग की।
क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मोनिका पंडित, क्षेत्रीय कार्यालय मंत्री रचना जैन और महानगर अध्यक्ष आरती शर्मा के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि महिलाओं से जुड़े गंभीर मामलों में राजनीतिक दलों को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए।
कांग्रेस नेतृत्व से जवाबदेही तय करने की मांग
प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की नेताओं ने कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल से जुड़े प्रकरण का उल्लेख करते हुए कांग्रेस नेतृत्व की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी द्वारा महिलाओं के सम्मान एवं अधिकारों को लेकर दिए जाने वाले बयानों का हवाला देते हुए कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों में कांग्रेस को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
महिला कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामले में कांग्रेस नेतृत्व का रुख स्पष्ट नहीं है। उन्होंने मांग की कि इस प्रकरण में निष्पक्ष जांच कराई जाए और आरोपों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान का मुद्दा उठाया
भाजपा महिला मोर्चा की नेताओं ने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा किसी भी राजनीतिक दल के लिए महत्वपूर्ण विषय होना चाहिए। ऐसे मामलों में राजनीतिक विचारधारा से ऊपर उठकर पीड़ितों को न्याय दिलाने और जवाबदेही तय करने की आवश्यकता है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि छात्राओं द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच हो तथा जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही कांग्रेस नेतृत्व इस पूरे प्रकरण पर अपना पक्ष सार्वजनिक करे।
बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता रहीं मौजूद
प्रदर्शन में भाजपा जिला अध्यक्ष रक्षा नामदेव, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष वर्षा चोपड़ा, मोनिका पंडित, रचना जैन और महानगर अध्यक्ष आरती शर्मा सहित पार्टी की अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहीं।
इसके अलावा उषा उपाध्याय, सारिका गुप्ता, सारिका वालिया, आशा सभरवाल, अंजू त्यागी, दुर्गा सागर, पूनम यादव, रंजिता सिंह, दीपाली और नेहा राणा सहित अन्य महिलाओं ने भी पैदल मार्च में भाग लिया।
