लोकसभा में राहुल गांधी के आरोप पर बवाल, अमित शाह का नाम लेने पर भड़के रिजिजू; माफी की मांग
नई दिल्ली। लोकसभा में पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा के दौरान उस समय जोरदार हंगामा देखने को मिला जब नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने भाषण में प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उनके बयान के बाद सत्ता पक्ष के सांसदों ने कड़ी आपत्ति जताई और सदन का माहौल गर्म हो गया।
चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की भूमिका रही है। इस टिप्पणी पर भाजपा सांसदों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की और आरोप को निराधार बताते हुए विरोध दर्ज कराया।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी के बयान पर कड़ा एतराज जताते हुए कहा कि बिना प्रमाण किसी केंद्रीय मंत्री पर इस तरह के आरोप लगाना उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि राहुल गांधी अपने बयान पर सदन में माफी मांगें। रिजिजू ने कहा कि यदि इस तरह के आरोप-प्रत्यारोप बिना तथ्यात्मक आधार के लगाए जाते रहे, तो सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलाना मुश्किल हो जाएगा।
राहुल गांधी के बयान और उस पर सत्ता पक्ष की प्रतिक्रिया के चलते कुछ समय तक सदन में शोर-शराबा बना रहा। लोकसभा अध्यक्ष को भी हस्तक्षेप करना पड़ा और उन्होंने सभी सदस्यों से संसदीय मर्यादा बनाए रखने तथा चर्चा को विधेयक के विषय तक सीमित रखने की अपील की।
एंटी पेपर लीक बिल पर जारी चर्चा के बीच यह मुद्दा सदन में राजनीतिक टकराव का केंद्र बन गया, जिसके चलते सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली।
