‘नाम से गांधी हटाने का सही समय…’, आचार्य प्रमोद कृष्णम ने राहुल गांधी पर बोला हमला
कांग्रेस के पूर्व नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने एक बार फिर राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है. गाजियाबाद में दिए गए अपने बयान में उन्होंने कहा कि अब राहुल गांधी को अपने नाम से ‘गांधी’ हटाने का समय आ गया है. उनका कहना है कि राहुल गांधी में महात्मा गांधी के चरित्र की कोई झलक नहीं दिखती और जनता भी उन्हें उस रूप में स्वीकार नहीं कर रही है.
‘विपक्ष भी नहीं मानता नेतृत्व’
प्रमोद कृष्णम ने कहा कि सिर्फ जनता ही नहीं, बल्कि विपक्ष के नेता भी यह मान चुके हैं कि राहुल गांधी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी को हराना संभव नहीं है. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के अंदर भी यह भावना मजबूत हो चुकी है कि अब राहुल गांधी के साथ चुनावी लड़ाई नहीं जीती जा सकती.
अपने बयान में उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक के बाद एक चुनाव हार रही है और पार्टी के नेता इस हकीकत को समझ चुके हैं. उनके मुताबिक, “कांग्रेस पार्टी के भी सभी नेता यह जानते हैं कि राहुल गांधी जी से अब लड़ाई नहीं लड़ी जाएगी. एक के बाद एक चुनाव हारे जा रहे हैं.”
गांधी नाम को लेकर सवाल
प्रमोद कृष्णम ने राहुल गांधी के नाम में ‘गांधी’ शब्द को लेकर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि देश की जनता ने उन्हें गांधी के रूप में स्वीकार नहीं किया है. उन्होंने यह भी कहा कि इतिहास गवाह है कि कठिन परिस्थितियों में भी जनता ने गांधी का साथ नहीं छोड़ा, लेकिन राहुल गांधी के मामले में ऐसा नहीं दिखता.
उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में राहुल गांधी को नेता विपक्ष के पद से भी हटाया जा सकता है. प्रमोद कृष्णम के अनुसार, असम और बंगाल के चुनाव परिणामों के बाद विपक्ष खुद इस दिशा में कदम उठा सकता है, क्योंकि उनके अनुसार राहुल गांधी में अब संभावनाएं खत्म हो चुकी हैं.
अपने बयान में उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि जब देश में मोदी जैसे मजबूत नेता मौजूद हैं, तब विपक्ष को भी मजबूत नेतृत्व की जरूरत है. उन्होंने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि विपक्ष का नेता एक जोकरों की तरह हरकत करता है.
