आईपीएल फाइनल के बाद आरसीबी के टिम डेविड पर कार्रवाई, अगले सीजन के पहले मैच से निलंबित
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के फाइनल मुकाबले के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज टिम डेविड पर बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। आईपीएल प्रशासन ने आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाए जाने पर उन्हें अगले सीजन के एक मैच के लिए निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही उनकी मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माने के रूप में काटा गया है।
आईपीएल की ओर से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, 30 वर्षीय टिम डेविड को लेवल-1 के उल्लंघन का दोषी पाया गया, जिसके लिए उन्हें दो डिमेरिट अंक भी दिए गए हैं। इन अंकों के जुड़ने के बाद उनके कुल डिमेरिट अंक पांच हो गए, जिसके चलते नियमों के अनुसार उन पर एक मैच का प्रतिबंध लगाया गया है।
बताया गया है कि फाइनल मुकाबले के दौरान डेविड ने आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.9 का उल्लंघन किया, जो मैच के दौरान किसी खिलाड़ी, टीम अधिकारी, अंपायर, मैच रेफरी या अन्य व्यक्ति की ओर अनुचित या खतरनाक तरीके से गेंद अथवा अन्य क्रिकेट उपकरण फेंकने से संबंधित है।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना पहली पारी के 10वें ओवर में विकेट गिरने के बाद हुई, जब डेविड ने मैदान पर मौजूद अंपायर की दिशा में आक्रामक अंदाज में आइस बैग फेंका। खिलाड़ी ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और मैच रेफरी द्वारा निर्धारित सजा को भी मान लिया।
यह मौजूदा सीजन में तीसरी बार है जब टिम डेविड आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में दोषी पाए गए हैं। इससे पहले 11 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच के बाद उन्हें अनुचित और आपत्तिजनक इशारों के इस्तेमाल के मामले में दोषी ठहराया गया था। उस समय उनकी मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया था और दो डिमेरिट अंक दिए गए थे।
इसके अलावा 13 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ ही खेले गए एक अन्य मुकाबले में अंपायर के निर्देशों की अनदेखी करने के कारण उन पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया था और एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया था।
गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न आईपीएल फाइनल में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया था। हालांकि टीम की जीत के जश्न के बीच टिम डेविड पर हुई यह कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है।
