यूपी में मौसम का बदला मिजाज, कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट, 60 किमी प्रति घंटे तक चल सकते हैं झोंके
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में हालिया बारिश के बाद एक बार फिर तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। प्रदेश के कई हिस्सों में लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है, जबकि कुछ क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश का सिलसिला भी जारी है। इसी बीच मौसम विभाग ने 2 जून को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान मेघगर्जन और वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जबकि झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है और किसी विशेष चेतावनी की घोषणा नहीं की गई है।
3 से 5 जून तक सक्रिय रहेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 3 और 4 जून को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं। नोएडा, गाजियाबाद सहित कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने के आसार हैं। प्रदेश में 5 जून तक मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है, जिसके बाद मौसम अपेक्षाकृत शुष्क हो सकता है।
विभाग ने अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि की संभावना जताई है। वहीं न्यूनतम तापमान भी 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। ऐसे में बारिश के बीच गर्मी और उमस का असर भी बढ़ने की संभावना है।
आगरा, झांसी समेत कई जिलों में यलो अलर्ट
आज आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन तथा हमीरपुर जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं ललितपुर, महोबा और झांसी में भी मेघगर्जन के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। इन जिलों में तेज झोंकेदार हवाओं को लेकर यलो अलर्ट घोषित किया गया है।
इसके अलावा 4 जून को मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर जिलों के लिए बारिश और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने आंधी और तेज हवाओं के दौरान लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। नागरिकों से कहा गया है कि खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें, जर्जर और कच्ची दीवारों के पास न जाएं तथा सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। बिजली चमकने और तेज हवाओं के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से भी बचने की सलाह दी गई है।
