‘अपनी भाषा और व्यवहार में संतुलन और संयम बरतें’, अखिलेश यादव ने राजकुमार भाटी को दी सलाह
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से रविवार (17 मई) को समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में भेंट की. इस अवसर पर सामाजिक राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की.
दरअसल, उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) ने अभी से अपनी रणनीतियों को धार देना शुरू कर दिया है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने रविवार (17 मई) को अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं को एक सख्त लेकिन अहम संदेश दिया है. उन्होंने स्पष्ट किया है कि सामाजिक सद्भाव और ‘पीडीए’ (PDA) की एकता ही आगामी चुनाव में जीत का रास्ता तय करेगी.
कार्यकर्ताओं को अखिलेश की नसीहत- ‘भाषा और व्यवहार में रखें संयम’
इस बैठक के बाद अखिलेश यादव ने प्रदेश भर के सभी सपा कार्यकर्ताओं के लिए विशेष निर्देश जारी किए. उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता सामाजिक सद्भाव का आचरण करें और अपनी भाषा व व्यवहार में पूरा संतुलन और संयम बरतें.
सपा प्रमुख ने हिदायत दी कि सार्वजनिक जीवन या बहसों में ऐसी कोई बात न कही जाए जिससे कोई भी व्यक्ति खुद को अपमानित या आहत महसूस करे. उन्होंने जोर देकर कहा कि संविधान और लोकतंत्र को बचाकर ही देश और प्रदेश में सामाजिक न्याय के राज की स्थापना की जा सकती है, और इस बड़े लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी का एकजुट रहना बेहद जरूरी है.
2027 का लक्ष्य: PDA की एकता से होगी BJP की सत्ता से विदाई
अखिलेश यादव ने अपनी ‘पीडीए’ (PDA) रणनीति को एक बार फिर से परिभाषित करते हुए इसे 2027 का सबसे बड़ा हथियार बताया. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सामाजिक नीति में हर वर्ग का सम्मान निहित है.
उन्होंने स्पष्ट किया कि पीडीए केवल एक नारा नहीं है, बल्कि यह पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक के साथ-साथ पीड़ित अगड़े-पिछड़े वर्गों और ‘आधी आबादी’ यानी महिलाओं को भी अपने से जोड़ता है. अखिलेश यादव ने दावा किया कि पीडीए सामाजिक न्याय की लड़ाई का सबसे प्रभावी माध्यम है और इसी पीडीए की एकता से 2027 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को सत्ता से हटाया जा सकेगा. उन्होंने विश्वास जताया कि इसी फॉर्मूले के दम पर 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी अपनी सरकार बनाने का लक्ष्य पूरा करेगी.
