संजीव अरोड़ा के घर छापेमारी,अरविंद केजरीवाल बोले- पंजाब में हिंदू व्यापारियों को निशाना बना रही ED
पंजाब में आम आदमी पार्टी के नेता और राज्य सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा के घर प्रवर्तन निदेशालय के यहां छापेमारी के बीच दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने इस मामले में दावा किया कि पंजाब में हिंदू व्यापारियों को निशाना बनाया जा रहा है.
आप के संयोजक ने कहा- ED पार्टी आज फिर पंजाब के हिंदू व्यापारियों पर ED की रेड कर रही है. ED पार्टी पंजाब के छोटे छोटे हिंदू व्यापारियों को तंग कर रही है. उन्होंने लिखा कि मेरी सभी व्यापारियों से अपील है – घबराने की कोई बात नहीं है, पूरा पंजाब और पंजाब सरकार आपके साथ है, हम सब मिलकर ED पार्टी का मुकाबला करेंगे.
आप संयोजक के बयान को रिपोस्ट करते हुए पंजाब से सीएम भगवंत मान ने भी प्रतिक्रिया दी. सोशल मीडिया साइट एक्स पर उन्होंने लिखा- पंजाब के हिंदू व्यापारी हमारे राज्य के आर्थिक विकास की रीढ़ की हड्डी हैं और ‘रंगला पंजाब’ बनाने में उनका बहुत बड़ा योगदान है. ED पार्टी सेंट्रल एजेंसियों का गलत इस्तेमाल करके हमारे व्यापारियों को परेशान करना चाहती है. ऐसा करके वे राजनीतिक दबाव डालकर उन्हें अपने साथ मिलाने की कोशिश कर रहे हैं, जिसको पंजाबी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे. हम अपने व्यापारियों के साथ खड़े हैं.
बता दें प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मोबाइल फोन की बिक्री से संबंधित कथित 100 करोड़ रुपये के जीएसटी धोखाधड़ी के सिलसिले में पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा और कुछ अन्य लोगों से जुड़े धन शोधन मामले में मंगलवार को नए सिरे से छापेमारी की कार्रवाई की.
नोएडा, बरेली में भी छापेमारी
अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि पंजाब के जालंधर और लुधियाना तथा उत्तर प्रदेश के बरेली और नोएडा में लगभग छह परिसरों पर छापेमारी की जा रही है. उन्होंने बताया कि जिस परिसरों पर छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है उनमें अरोड़ा से जुड़ी कंपनी ‘हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड’ के मामले में जांच के दायरे में आए व्यक्तियों और संस्थाओं से संबंधित आवास और व्यावसायिक कार्यालय दोनों शामिल हैं.
अरोड़ा (62) को पिछले महीने चंडीगढ़ स्थित उनके आधिकारिक आवास पर दिनभर की छापेमारी के बाद केंद्रीय एजेंसी ने गिरफ्तार किया था. वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं. अरोड़ा पंजाब में विद्युत, उद्योग और वाणिज्य मंत्री थे. अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने उनके विभागों को अन्य मंत्रियों को आवंटित कर दिया था.
